बेटे को पेड़ के नीचे बैठाया, ट्रेन के आगे कूदी महिला: बच्चे को दवा दिलाने की बात कहकर घर से निकली थी

राजस्थान के जालोर जिले से एक दिल झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपने 6 महीने के मासूम बेटे को रेलवे ट्रैक के पास बैठाकर ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी.

राजस्थान के जालोर जिले में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई. 33 वर्षीय विवाहिता भावना ने अपने 6 महीने के बेटे को रेलवे ट्रैक के पास नीम के पेड़ की छांव में बैठाया और इसके बाद ट्रेन की चपेट में आ गई. हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका मासूम बेटा सुरक्षित मिला. यह घटना बागरा और जागनाथ रेलवे स्टेशन के बीच हुई.

बच्चे को दवा दिलाने की बात कहकर निकली थी

पुलिस के मुताबिक, भागली सिंघलान गांव निवासी भावना पत्नी डूंगाराम मेघवाल रविवार सुबह अपने छह महीने के बेटे आर्यन को साथ लेकर घर से निकली थी. परिवार को उसने बच्चे को दवा दिलाने और इलाज कराने के लिए अस्पताल जाने की बात कही थी. इसके बाद दोपहर करीब 12:15 बजे वह बागरा और जागनाथ रेलवे स्टेशन के बीच पहुंची.

नीम के पेड़ के नीचे बैठाया मासूम

बताया गया कि रेलवे ट्रैक के पास पहुंचने के बाद भावना ने अपने छह महीने के बेटे को ट्रैक से कुछ दूरी पर नीम के पेड़ के नीचे बैठा दिया. इसके बाद वह साबरमती-जोधपुर यात्री ट्रेन की चपेट में आ गई. हादसे के बाद बच्चा मौके पर रोता मिला, जिसे आसपास मौजूद लोगों ने संभाला. बच्चे को किसी तरह की चोट नहीं आई.

एक दिन पहले पति से हुआ था विवाद

परिजनों के अनुसार, घटना से एक दिन पहले भावना का अपने पति के साथ विवाद हुआ था. रिपोर्टों में परिजनों के हवाले से बताया गया है कि विवाद के दौरान पति ने उसके साथ मारपीट की थी. भावना ने फोन पर अपने भाई को इसकी जानकारी दी थी. इसके बाद रविवार सुबह उसका भाई ससुराल पहुंचा और दोनों को समझाने की कोशिश की. भाई के वापस लौटने के बाद भावना बेटे को दवा दिलाने की बात कहकर घर से निकली थी.

आठ साल पहले हुई थी शादी

परिजनों के मुताबिक भावना की करीब आठ साल पहले शादी हुई थी. उसके दो बच्चे हैं. 6 महीने का बेटा आर्यन और करीब ढाई साल की एक बेटी भी है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने शव को जालोर के सामान्य चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की बात सामने आई है.

पुलिस जांच में जुटी, कारणों की पुष्टि नहीं

पुलिस के अनुसार महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पति के साथ विवाद और मारपीट की बात परिजनों की ओर से सामने आई है, लेकिन आत्महत्या के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस ने फिलहाल कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है. घटना के संबंध में आगे की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें: राजस्थान मौसम: आज कहीं भारी बारिश-आंधी का अलर्ट, तो कहीं चुभेगी तेज धूप

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सत्येन्द्र गिरि

सत्येन्द्र गिरि प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. यहां वे मुख्य रूप से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करते हैं. सरल, तथ्यात्मक और पाठक-केंद्रित लेखन उनकी प्रमुख पहचान है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से मास्टर ऑफ आर्ट्स इन मास कम्युनिकेशन (बैच 2023–25) की डिग्री प्राप्त की है.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान उन्होंने समाचार लेखन, डिजिटल मीडिया, रिपोर्टिंग और समसामयिक विषयों की गहन समझ विकसित की. पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके पास एक वर्ष का पेशेवर अनुभव है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला के गोरखपुर एडिशन से की, जहां समाचार लेखन और रिपोर्टिंग की बारीकियों को नजदीक से सीखने और समझने का अवसर मिला. इसके बाद उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता में कदम रखते हुए प्रभात खबर डिजिटल से जुड़कर देश-विदेश की महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने का कार्य शुरू किया.

सत्येन्द्र की विशेष रुचि इतिहास, अंतरराष्ट्रीय संबंध, राजनीति, कूटनीति और समसामयिक घटनाक्रम से जुड़े विषयों में है. वे जटिल और गंभीर मुद्दों को भी सरल, संतुलित और विश्वसनीय तरीके से प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं. राष्ट्रीय और वैश्विक घटनाओं पर उनकी गहरी नजर रहती है तथा वे तथ्यपरक और निष्पक्ष पत्रकारिता को अपनी कार्यशैली का आधार मानते हैं. वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के निवासी हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >