Rourkela News: अवैध बालू खनन के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत राउरकेला की ब्राह्मणी तरंत थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने चार और पांच जून 2026 की रात जांच के दौरान अवैध बालू से लदे तीन भारी वाहनों को जब्त किया और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपियों में तीन चालक व दो खलासी शामिल
राउरकेला एसपी के निर्देश पर पानपोष एसडीपीओ की देखरेख में की गयी इस कार्रवाई में पुलिस ने दो हाइवा (ओडी-15-6425 और ओआर-14-एबी-7211) व एक डंपर (ओआर-09-के-5308) जब्त किया है. गिरफ्तार आरोपियों में तीन ट्रक चालक झारखंड के गिरिडीह निवासी मणि सिंह (32), सुंदरगढ़ के बिरमित्रपुर थाना अंतर्गत गुरछापर निवासी महेश उरांव (24), कोइड़ा निवासी समीर टोपनो (17), और दो हेल्पर कुआरमुंडा निवासी अभिजीत देहुरी (25) और ब्राह्मणी तरंग थाना अंतर्गत बुरुटोला निवासी निरंजन सिंह शामिल हैं.
प्रधानपाली घाट से टीसीआइ, आइडीसी और कोइड़ा भेजा जा रहा था बालू
जानकारी के मुताबिक, चार जून की रात करीब 3:30 बजे, कुआरमुंडा से राउरकेला की ओर एक हाइवा तेज रफ्तार से आता दिखा. पुलिस के रुकने का इशारा करने पर ड्राइवर भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर शंख पुल के पास वाहन को रोका. जांच में ट्रक में बालू लदा मिला. चालक ट्रांजिट पास नहीं दिखा सका, जिसके बाद डंपर को जब्त कर लिया गया. इसके बाद पुलिस ने एक हाइवा और एक डंपर को भी बिना वैध दस्तावेज के बालू ले जाते समय जब्त किया. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह बालू प्रधानपाली बालू घाट से टीसीआइ, आइडीसी और कोइड़ा जैसे इलाकों में ले जाया जा रहा था. पुलिस खदान के पट्टेदार और वाहन चालकों की मिलीभगत की जांच कर रही है.
बामड़ा : दो दिनों में अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टर जब्त
कुचिंडा अनुमंडल में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है. पिछले दो दिनों के दौरान कुचिंडा के उपजिलापाल के नेतृत्व में की गयी छापेमारी में अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टर जब्त किये गये हैं. कार्रवाई के बाद बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है. जानकारी के अनुसार, बुधवार को उपजिलापाल सर्वानन सा को बक्समा ग्राम पंचायत के कटूनगर नदी घाट से अवैध रूप से बालू लेकर डिमिरीमुंडा गांव की ओर जा रहे एक ट्रैक्टर की सूचना मिली थी. इसके आधार पर डिमिरीमुंडा चौक के निकट वाहन को रोककर कुचिंडा पुलिस को सूचित किया गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर थाना में रखा है. इसी प्रकार गुरुवार को कुचिंडा के बांदुवास नदी घाट से बालू लादकर शहर की ओर आ रहे दो अन्य ट्रैक्टरों की सूचना मिलने पर उपजिलापाल ने मौके पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर पुलिस के हवाले कर दिया गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि उपजिलापाल की सक्रियता के कारण अवैध खनन और परिवहन पर कुछ हद तक अंकुश लग रहा है. अन्य विभागों को भी इसी सक्रियता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए.
