Rourkela News: केटी ब्रदर्स ने जीता आरएसपी संवर्धन ग्रामीण फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब

Rourkela News: आरएसपी का संवर्धन ग्रामीण फुटबॉल टूर्नामेंट बिसरा प्रखंड में आयोजित हुआ. इसमें केटी ब्रदर्श की टीम विजेता बनी.

Rourkela News: राउरकेला इस्पात संयंत्र का संवर्धन ग्रामीण फुटबॉल टूर्नामेंट बिसरा प्रखंड की जाराइकेला ग्राम पंचायत के अंतर्गत कोपसिंगा गांव में संपन्न हुआ. कार्यपालक निदेशक (खान विकास- सीएमएलओ) बीके गिरि समापन समारोह के मुख्य अतिथि, जबकि मुख्य महाप्रबंधक (नगर सेवाएं एवं सीएसआर) टीजी कानेकर सम्मानित अतिथि थे. गणमान्यों ने टूर्नामेंट की विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किये.

केटी ब्रदर्स ने आरएस कॉलोनी की टीम को हराया

सारूबहाल की केटी ब्रदर्स टीम ने फाइनल मुकाबले में बंडामुंडा की आरएस कॉलोनी टीम को पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया. विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 10,000 रुपये की नकद राशि प्रदान की गयी, जबकि उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं 8,000 रुपये की नकद राशि दी गयी. जाराटोली की एमवाइसी टीम और सारूबहाल नुआटोली की टीम क्रमश: तीसरे एवं चौथे स्थान पर रहीं, जिन्हें क्रमश: 6,000 और 4,000 रुपये की नकद राशि मिली. टूर्नामेंट का आयोजन राउरकेला इस्पात संयंत्र के संरक्षण में बीनापाणी स्वंय सहायता समूह, मीनू स्वंय सहायता समूह एवं खुशबू स्वंय सहायता समूह द्वारा किया गया.

टीमवर्क, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने में खेलों की भूमिका को रेखांकित किया

मुख्य अतिथि बीके गिरि ने विजेता टीम को बधाई दी तथा सभी सहभागी टीमों की खेल भावना और उत्साह की सराहना की. उन्होंने क्षेत्र में फुटबॉल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीण युवाओं में टीमवर्क, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने में इसकी भूमिका को रेखांकित किया. श्री कानेकर ने आसपास के गांवों में खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका को बढ़ावा देने में आरएसपी द्वारा संचालित विभिन्न सीएसआर पहलों की जानकारी दी. इस अवसर पर जराइकेला पंचायत के सरपंच सुरेश ओराम, समिति सदस्य, जाराइकेला पंचायत सोमनाथ राहा, महाप्रबंधक प्रभारी (सीएसआर) मुनमुन मित्रा, उप महाप्रबंधक (सीएसआर) आरएस बाड़ा, उप महाप्रबंधक (सीएसआर) टीबी टोप्पो, उप प्रबंधक (सीएसआर) एसके सुकुला सहित सीएसआर विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >