Rourkela News: रघुनाथपाली थाना अंतर्गत जेल रोड के निवासी व युवा इंजीनियर सूर्यकांत नायक की शंख नदी में डूबने से मौत हो गयी है. ब्राह्मणी तरंग थाना क्षेत्र में यह घटना हुई. मृतक अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था.
आधे घंटे की मशक्कत के बाद अग्निशमन कर्मियों ने सूर्यकांत को नदी से निकाला
जेल रोड निवासी सूर्यकांत गुरुवार शाम अपने पांच दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था. सभी दोस्त शंख नदी के किनारे बैठे थे. इसी दौरान सूर्यकांत अचानक नहाने के लिए नदी में उतर गया और गहरे पानी में डूबने लगा. वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में लापता हो गया. दोस्तों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने कुआरमुंडा अग्निशमन विभाग की मदद से शाम करीब 6:00 बजे नदी में तलाशी अभियान शुरू किया. करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद अग्निशमन कर्मियों ने सूर्यकांत को नदी से बाहर निकाला और तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुक्रवार को पोस्टमार्टम किया गया. घटना की खबर मिलते ही जेल रोड इलाके में लोगों की भीड़ जुट गयी. इलाके में शोक का माहौल है.
अनुगूल : ब्राह्मणी नदी में डूबने से एक और मौत, तीन दिन पहले चली गयी थी तीन की जान
ब्राह्मणी नदी में डूबने से शुक्रवार को एक और व्यक्ति की मौत हो गयी है. मृतक की पहचान सिलिंग ग्राम के मिटू देहुरी के तौर पर हुई है. वह रोज की तरह सुबह से ही नदी में मछली पकड़ने के लिए सिलिंग घाट गया था. देर तक नहीं लौटने पर परिवार वालों ने उनकी तलाश शुरू की. नदी के पास जाकर देखा, तो उसकी नाव नदी में तैरती मिली. इसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गयी, जिसके बाद मिटू का शव बरामद किया गया. तीन दिन पहले भी तालचेर के जगन्नाथ मंदिर के पास तीन युवकों की डूबने से मौत हो गयी थी.
