Sundargarh News: सुंदरगढ़ संस्कृति भवन में जिला स्तरयी मुख्यमंत्री किसान सहायता वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस अवसर पर भुवनेश्वर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया. भुवनेश्वर के ओयूएटी हॉल में आयोजित इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य के 51 लाख से अधिक किसानों के खातों में रबी 2025-26 के लिए मुख्यमंत्री किसान सहायता राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की.
किसानों के सशक्तीकरण के लिए कई योजनाएं चला रही सरकार
संस्कृति भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी मुख्य अतिथि थे. उनके साथ ओडिशा विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं तलसरा विधायक भवानी शंकर भोई विशिष्ट अतिथि थे. जिलापाल डॉ शुभंकर महापात्र, अतिरिक्त जिलापाल (राजस्व) अभिमन्यु माझी, अतिरिक्त जिलापाल सूरज पटनायक, उपजिलापाल तेजस्विनी बेहरा प्रमुख रूप से उपस्थित थे. श्री भोई ने कहा कि सरकार ने किसानों के सशक्तीकरण के लिए विभिन्न योजनाएं बनायी हैं, जिनमें सीएम किसान एक प्रमुख योजना है. यह योजना अक्षय पात्र है, जो कभी विफल नहीं होती. यह सहायता किसान भाई-बहनों को प्रेरित करने में सहायक होगी.
यह सहायता किसानों को सशक्त बनायेगी
मुख्य अतिथि श्री पुजारी ने किसानों, कृषि और उनके द्वारा उत्पादित फसलों और उत्पादों के महत्व पर अपना विचार व्यक्त किया. कहा कि किसान अपनी मेहनत के माध्यम से पूरे समाज का भरण-पोषण करते हैं. वे कड़ी मेहनत कर समाज का कल्याण करते हैं. सीएम किसान की यह सहायता किसानों को सशक्त बनायेगी और कृषि को मजबूत करेगी. मंत्री ने यह भी कहा कि पश्चिमी ओडिशा का लोकपर्व अब केवल पश्चिमी ओडिशा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया के हर कोने में मनाया जाता है. जिले और राज्य के समग्र विकास के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है.
नुआगांव के सर्वाधिक 15,549 किसानों को मिली सहायता
सुंदरगढ़ जिले के 185955 किसानों के बैंक खातों में सीएम किसान योजना के तहत बुधवार को सीधे सहायता राशि हस्तांतरित की गयी. इनमें नुआगांव प्रखंड के सर्वाधिक 15549 किसानों को सीएम किसान योजना से सहायता मिली. वहीं, बालिशंकरा प्रखंड के 14766, बड़गांव के 12292, बिसरा के 7625, बणई के 9370, गुरुंडिया के 9073, हेमगिरी के 9864, कोइड़ा के 6255, कुआंरमुंडा के 13178, कुतरा के 11975, लहुणीपाड़ा के 12351, लाठीकटा के 9517, लेफ्रीपाड़ा के 12790, राजगांगपुर के 12712, सबडेगा के 9793, सदर के 9697 और टांगरपाली प्रखंड के 9148 किसान शामिल हैं. इस अवसर पर सीएम किसान योजना में किसानों को शामिल करने और किसान पंजीकरण में अच्छे प्रदर्शन के लिए क्षेत्रीय कर्मचारियों को सम्मानित किया गया. मुख्य जिला कृषि पदाधिकारी लाल बिहारी मल्लिक ने अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी दी. कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी, एनआइसी कंदरा हेंब्रम, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी नंदिनी मुंडारी, अन्य विभागीय अधिकारी, कृषि विशेषज्ञ, जनप्रतिनिधि और विभिन्न प्रखंडों से आए किसान शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
