Rourkela News: वेदव्यास में घोषणा के बाद भी नहीं शुरू हुआ हैंगिंग ब्रिज का निर्माण

Rourkela News: डबल इंजन सरकार में मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने जनसभा में वेदव्यास धाम में हैंगिंग ब्रिज का निर्माण किये जाने की घोषणा की थी.

Rourkela News: भाजपा की डबल इंजन सरकार में मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन की घोषणा के बाद भी पानपोष खेल छात्रावास से वेदव्यास पीठ तक बहुप्रतीक्षित हैंगिंग ब्रिज का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है. विगत दिनों राउरकेला दौरे के दौरान लोक निर्माण मंत्री हरिचंदन ने कहा था कि मई से काम शुरू होगा और निर्धारित समय में पूरा कर लिया जायेगा. लेकिन मई का महीना बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है.

राज्य सरकार को सौंपी जा चुकी है डीपीआर

विदित हो कि पिछली सरकार के दौरान घोषित यह पुल वर्षों से लंबित था. केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्रालय से मिली राशि आखिरकार खर्च नहीं होकर वापस लौट गयी थी. लेकिन सूबे में सरकार बदलने के बाद हैंगिंग ब्रिज के निर्माण की उम्मीद जगी थी. जिसमें सर्वेक्षण के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) राज्य सरकार को सौंप दी गयी है. ब्रिज के सलाहकार इंजीनियर अशोक बासा ने राज्य सरकार से त्रिवेणी संगम वेदव्यास में अत्याधुनिक हैंगिंग ब्रिज बनाने की अनुशंसा की थी. वहीं लोक निर्माण विभाग के राउरकेला डिवीजन के पूर्व अधीक्षण अभियंता मनोज महानंद, सहायक कार्यपालक अभियंता भागीरथी साहू और मुख्य अभियंता प्रमोद महापात्रा की देखरेख में सर्वेक्षण कार्य संपन्न किया गया था.

मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री को सौंपा गया था ज्ञापन

जिलापाल की अनुमति से अग्निशमन विभाग के अधिकारी कृषिवास साहू के नेतृत्व में 11 सदस्यों की टीम ने सर्वे में सहयोग किया था. सर्वे कार्य एवं प्रोजेक्ट रिपोर्ट की देखरेख की जिम्मेदारी ब्रिज कंसल्टेंट इंजीनियर अशोक बासा को दी गयी. इतना ही नहीं लाेक निर्माण विभाग के मंत्री हरिचंदन ने राउरकेला में एक सभा में घोषणा की थी कि 35 करोड़ रुपये की लागत से बना यह देश का पहला कांच वाला हैंगिंग ब्रिज हाेगा. जिसमें पुल पर चलते समय लोग नीचे बहते ब्राह्मणी नदी के पानी को देख सकेंगे. ओडिशा सरकार के निर्देश पर 18 मई को विश्व बैंक परियोजना के मुख्य अभियंता दुर्गाप्रसाद मिश्रा ने पानपोष के हाड़पका घाट और आस-पास के इलाकों का दौरा किया. उन्होंने कहा था कि परियोजना पर काम तुरंत शुरू हो जायेगा. इससे पहले वेदव्यास विकास मंच ने पुल निर्माण के लिए मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री को ज्ञापन सौंपा था. यह प्रस्तावित हैंगिंग ब्रिज राउरकेला पर्यटन के लिए एक अनूठा आकर्षण होगा. लेकिन मंत्री की घोषणा के बाद काम शुरू नहीं हुआ है, इसलिए निवासियों में यह डर भी है कि पुरानी सरकार की भांति इस सरकार में भी तो यह परियोजना ठंडे बस्ते में नहीं चली जायेगी.

हैंगिंग ब्रिज के लिए विधायक ने की मंत्री से चर्चा

राज्य सरकार ने वेदव्यास स्थित पवित्र त्रिवेणी संगम से पानपोष बस्ती तक हैंगिंग ब्रिज बनाने का निर्णय लिया है और इसके लिए प्रारंभिक कार्य भी शुरू हो गया है. इस पुल के निर्माण के लिए आवश्यक प्रारंभिक कार्य की प्रगति के साथ-साथ कुछ अन्य बिंदुओं पर चर्चा करने के लिए रघुनाथपाली विधायक दुर्गा चरण तांती ने भुवनेश्वर में विभागीय मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन से मुलाकात की और विस्तृत चर्चा की. चर्चा के दौरान बताया गया कि त्रिवेणी संगम ओडिशा के पर्यटन स्थलों में से एक है, जहां ओडिशा के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ से भी लोग साल भर घूमने आते हैं. इसलिए इस स्थान के महत्व को देखते हुए विधायक ने वेदव्यास त्रिवेणी संगम स्थल को विकसित करने का निर्णय लिया है. पृथ्वीराज हरिचंदन के समक्ष कई प्रस्ताव रखे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >