राउरकेला : सर्किट हाउस कांड के मुख्य आरोपी निलंबित भाजपा युवा नेता तथा सांसद के महानगर निगम प्रतिनिधि प्रकाश पासवान को पुलिस ने शनिवार को दो दिन की रिमांड पर लिया. अदालत से पुलिस ने पांच दिनों की रिमांड मांगी थी, लेकिन दो दिनों की रिमांड ही मंजूर हुई. जिसके बाद प्रकाश को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेल से राउरकेला सरकारी अस्पताल (आरजीएच) लाया गया, जहां मेडिकल जांच के बाद उसे पूछताछ के लिए ले जाया गया. इस दौरान काफी संख्या में लोगों की भीड़ अस्पताल में देखी गयी. भीड़ को काबू करने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी.
पुलिस के पास प्रकाश से पूछने के लिए सवालों की लंबी फेहरिस्त
प्रकाश से पुलिस मैराथन पूछताछ में जुट गयी है. सवालों की लंबी फेहरिस्त है, जिसके जवाब प्रकाश से पुलिस मांग रही है, ताकि इस हाई प्रोफाइल कांड का खुलासा किया जा सके. इस मामले में संलिप्त अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटायी जा रही है, ताकि उन्हें भी सलाखों के पीछे लाया जा सके. हालांकि पूछताछ में प्रकाश ने क्या नये खुलासे किए हैं, इस बारे में अभी कोई जानकारी पुलिस साझा नहीं कर रही है. पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई चल रही है.
प्रकाश ने कहा-मंत्री को बदनाम करने की साजिश
प्रकाश से आगे की पूछताछ के लिए उसे रघुनाथपाली थाना ले जाया गया. पूछताछ के लिए ले जाते समय, पासवान ने कथित तौर पर आरोप लगाया कि एक केंद्रीय मंत्री को बदनाम करने की साजिश रची गयी थी. गौरतलब है कि यह मामला 14 अगस्त का है, जब पुलिस ने राउरकेला सर्किट हाउस के कमरा नंबर 107 से एक पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किये थे और इस घटना के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया था. जांच के दौरान, पुलिस को पता चला कि आरोपी संगठित आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की योजना के सिलसिले में सर्किट हाउस में रुके हुए थे. इसके बाद जांचकर्ताओं ने पासवान और गिरफ्तार अन्य आरोपियों के बीच कथित संबंधों का पता लगाया और शक जताया कि उसने सर्किट हाउस में उनके ठहरने की व्यवस्था की थी. जांच के आधार पर, बाद में पासवान को बिहार के बरौनी से गिरफ्तार कर राउरकेला लाया गया.
गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल स्कैन कर रही पुलिस
सर्किट हाउस कांड की तफ्तीश में जुटी पुलिस आरोपियों के मोबाइल को लगातार स्कैन कर रही है. जो पोशिदा राज हैं वे मोबाइल के जरिये ही बाहर आयेंगे और पुलिस को उम्मीद है कि कई ऐसे तथ्य सामने आयेंगे, जो अबतक अनछुए थे. मामले में प्रकाश को मिलाकर अब तक 12 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं. सभी के आपस में लिंक थे, यह स्पष्ट होने के बाद अब कड़ियों को जोड़ने का काम भी चल रहा है. प्रकाश सहित सभी आरोपियों के मोबाइल में किस तरह के तथ्य छिपे हैं, यह आने वाला समय बतायेगा. लेकिन राज गहरे हैं. पुलिस आरोपियों के मोबाइल के सीडीआर से लेकर वीडियो, तस्वीरें सबकुछ स्कैन कर रही है. जिससे जांच को एक नयी दिशा मिलने की उम्मीद है. अतीत के अपराधों में आरोपियों का आपस में किस तरह का जुड़ाव रहा है, इसके खुलासे में मोबाइल मददगार साबित होंगे.
जुएल ओराम के इस्तीफे की मांग पर कांग्रेस का प्रदर्शन आज
राउरकेला जिला छात्र, युवा व महिला कांग्रेस कमेटी की ओर से रविवार को सुबह 11 बजे उदितनगर आंबेडकर चौक पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है. इस प्रदर्शन में राउरकेला सर्किट हाउस कांड में सांसद और मंत्री जुएल ओराम के शामिल होने की निष्पक्ष जांच और मीडिया में उनके द्वारा की गयी अभद्र टिप्पणियों के लिए मंत्री पद से उनके इस्तीफे की मांग की जायेगी. ओडिशा प्रदेश छात्र कांग्रेस के अध्यक्ष विभूति भूषण महापात्र भी इसमें शामिल रहेंगे. राउरकेला जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रंजीता मल्लिक ने इसकी जानकारी दी है.
