Bhubaneswar News: यह संविधान नहीं, कांग्रेस बचाओ अभियान है : भाजपा

Bhubaneswar News: राहुल गांधी की ओडिशा यात्रा पर भाजपा नेताओं ने शुक्रवार को तीखा हमला बोला. उन्होंने इसे कांग्रेस बचाओ अभियान करार दिया.

Bhubaneswar News: संविधान बचाओ यात्रा के तहत कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ओडिशा दौरे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखा राजनीतिक हमला बोला है. भाजपा ने आरोप लगाया है कि यह यात्रा संविधान की रक्षा से अधिक कांग्रेस पार्टी को पुनर्जीवित करने का प्रयास है. शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में ओडिशा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने राहुल गांधी की रैली को एक राजनीतिक नाटक करार दिया और कहा कि कांग्रेस अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस पाने के लिए इस तरह के अभियानों का सहारा ले रही है.

जनता से संपर्क खो दिया, हताशा में कांग्रेस : बिरंची त्रिपाठी

ओडिशा भाजपा के उपाध्यक्ष बिरंची नारायण त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस हताशा की स्थिति में है. पार्टी ने राज्य की जनता से अपना संपर्क खो दिया है. यह संविधान बचाओ नहीं, बल्कि कांग्रेस बचाओ अभियान है. भाजपा ने कांग्रेस पर दोहरापन का आरोप लगाते हुए कहा कि यह वही पार्टी है, जिसने राजनीतिक लाभ के लिए संविधान में बार-बार संशोधन किये और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया. पार्टी ने कांग्रेस को परिवार संचालित संगठन बताया, जो नेहरू से लेकर इंदिरा, सोनिया, राहुल, और अब प्रियंका और उनके पति तक, गांधी परिवार के हाथों में केंद्रित है. त्रिपाठी ने कहा कि अगर किसी ने लोकतंत्र की हत्या की है, तो वह कांग्रेस है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर निशाना साधते हुए भाजपा नेताओं ने भारत के राष्ट्रपति के प्रति कथित असम्मान को लेकर सार्वजनिक माफी की मांग की. अब तक कांग्रेस की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आयी है, लेकिन भाजपा के बयान से भुवनेश्वर में आयोजित राहुल गांधी की रैली और संविधान बचाओ यात्रा के इर्द-गिर्द राजनीतिक माहौल गरमा गया है.

संविधान बचाओ रैली शहजादे को बचाने के लिए एक और राजनीतिक पर्यटन : प्रधान

केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा में संविधान बचाओ रैली आयोजित करने को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस पर कटाक्ष किया कि यह संविधान के बजाय कांग्रेस के शहजादे राहुल गांधी एवं पार्टी को बचाने के लिए एक और राजनीतिक पर्यटन है. प्रधान ने तंज कसा कि आज राहुल गांधी की स्थिति ‘नाच न आवे आंगन टेढ़ा’ कहावत को चरितार्थ करती है. उन्होंने कहा कि यह संविधान बचाने के लिए नहीं है, बल्कि राहुल गांधी और कांग्रेस को बचाने के लिए है. प्रधान ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, ओडिशा में भाजपा की जनहितैषी सरकार के प्रति जनता का अडिग विश्वास कांग्रेस को परेशान कर रहा है. ओडिशा में कांग्रेस का कोई वजूद ही नहीं है. ओडिशा के गरीबों, दलितों, आदिवासियों, किसानों और मजदूरों ने कांग्रेस को दशकों पहले नकार दिया था. उन्होंने कहा कि ऐसे में राहुल गांधी का ओडिशा के गरीबों के हित की बात करना छलावे के अतिरिक्त कुछ नहीं है. कांग्रेस का इतिहास हमेशा से गरीबों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की अनदेखी करने का रहा है. दिल्ली से कांग्रेस की सरकारों द्वारा भेजे गए पैसों को कभी बिचौलिए लूट लेते थे, तो कभी (पार्टी) अनुसूचित जाति/जनजाति और अन्य पिछड़े वर्गों के हक को अपने खास वोटबैंक को समर्पित कर देती थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >