Rourkela News: बेल्जियम-अर्जेंटीना मैच से 10 को हॉकी प्रो लीग की होगी शुरुआत, बुधवार को बेल्जियम से भारत की भिड़ंत

Rourkela News: राउरकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में हॉकी प्रो लीग की शुरुआत 10 फरवरी से हो रही है. यहां भारत, बेल्जियम और अर्जेंटीना के बीच भिड़ंत होगी.

Rourkela News: एफआइएच मेन्स हॉकी प्रो लीग 2025-26 का राउरकेला लेग मंगलवार को छेंड कॉलोनी स्थित बिरसा मुंडा इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में शुरू होगा. इसमें दुनिया की तीन टॉप मेन्स हॉकी टीमें मेजबान भारत, बेल्जियम और अर्जेंटीना हाई-इंटेंसिटी इंटरनेशनल मैचों की सीरीज में हिस्सा लेंगी.

हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय टीम दिखायेगी दम

इस प्रो लीग में हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारत, आर्थर वैन डोरेन की कप्तानी वाली यूरोपियन दिग्गज बेल्जियम और मातियास रे की कप्तानी वाली साउथ अमेरिकन पावरहाउस अर्जेंटीना से इस प्रतिष्ठित सालाना लीग के छह-दिवसीय लेग में भिड़ेगा. राउरकेला लेग 10 फरवरी को बेल्जियम बनाम अर्जेंटीना मैच से शुरू होगा. इसके बाद 11 फरवरी को भारत बनाम बेल्जियम और 12 फरवरी को भारत बनाम अर्जेंटीना मैच होंगे. 13 फरवरी को अर्जेंटीना बनाम बेल्जियम मैच के साथ फिर से एक्शन शुरू होगा, इसके बाद भारत 14 फरवरी को फिर बेल्जियम का सामना करेगा और 15 फरवरी को अर्जेंटीना के खिलाफ अपने घरेलू लेग का समापन करेगा. सभी मैच शाम 7:30 बजे से खेले जायेंगे. राउरकेला लेग भारत के एफआइएच प्रो लीग 2025-26 अभियान का एक महत्वपूर्ण शुरुआती चरण है, जिसमें घरेलू टीम दुनिया की दो टॉप रैंक वाली टीमों के खिलाफ मजबूत शुरुआत करने का लक्ष्य रखेगी. दुनिया के सबसे बड़े बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में ओडिशा और उसके बाहर से प्रशंसक अपनी टीमों को सपोर्ट करने के लिए इकट्ठा होंगे, जिससे स्टेडियम में उत्साह और भीड़ का माहौल रहने की उम्मीद है. इसे लेकर बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में सोमवार को हुई संयुक्त प्रेसवार्ता में इस बारे में जानकारी दी गयी.

भारतीय टीम में सुंदरगढ़ जिले के पांच खिलाड़ी शामिल

एक साल के लंबे इंतजार के बाद राउरकेला में पुन: अंतरराष्ट्रीय हॉकी की वापसी हो रही है. 10 फरवरी से दुनिया के सबसे बड़े बिरसा मुंडा स्टेडियम में पुरुषों की हॉकी प्रो-लीग शुरू होगी. जिले के अनगिनत हॉकी प्रेमी इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. इस बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता ने स्थानीय हॉकी प्रेमियों का उत्साह और जोश दोगुना कर दिया है क्योंकि इस बार 24 सदस्यीय भारतीय टीम में सुंदरगढ़ में जन्मे पांच खिलाड़ी शामिल हैं. अमित रोहिदास, अमनदीप लाकड़ा, रोशन कुजूर, शिलवानंद लाकड़ा और नीलम संजीप खेस भारतीय टीम में अपनी प्रतिभा दिखायेंगे.

अमित और अमनदीप संभालेंगे डिफेंस की कमान, मिडफील्ड में रोशन करेंगे डेब्यू

भारत के डिफेंस के मजबूत पिलर के तौर पर परिचित अमित ने हाल ही में खत्म हुई हॉकी इंडिया लीग (एचआइएल) में अच्छा प्रदर्शन किया है. वह पहले भी वर्ल्ड कप, हॉकी प्रो लीग और एचआइएल में राउरकेला में घरेलू दर्शकों के सामने अपना कमाल दिखा चुके हैं, वहीं डिफेंसिव लाइन में उनके साथ ब्रेकआउट सेंसेशन अमनदीप लाकड़ा भी होंगे. 21 साल के इस ड्रैग-फ्लिकर ने हाल ही में खत्म हुई हॉकी इंडिया लीग में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का अवॉर्ड जीता है. इसके अलावा रोशन कुजूर मिडफील्ड में अपना डेब्यू करेंगे. वे 2025 में जूनियर वर्ल्ड कप ब्रॉन्ज मेडलिस्ट और एचआइएल विनर वेदांत कलिंगा लांसर्स का अहम हिस्सा थे. वहीं डिफेंस में भरोसेमंद नीलम संजीप खेस और फॉरवर्ड लाइन में सिलानंद लाकड़ा भी अपना कमाल दिखायेंगे. दोनों ने पहले ही इंटरनेशनल लेवल पर अपनी काबिलियत साबित कर दी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >