Sundargarh News: सुंदरगढ़ के जिला स्टेडियम में 80वीं राज्य पुलिस फुटबॉल चैंपियनशिप-2025 का आगाज बुधवार को हुआ. इस चैंपियनशिप में राज्य भर की विभिन्न जिला पुलिस और बटालियनों की 47 टीमें भाग ले रही हैं. इनमें कुल 850 खिलाड़ी शामिल होंगे. यह फुटबॉल प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित हो रही है. पहले चरण में 20 से 24 अगस्त तक कुल 24 पुलिस टीमें भाग लेंगी. वहीं दूसरे चरण में 26 अगस्त से तीन सितंबर तक 23 टीमें दम दिखायेंगी.
बर्मिंघम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हमारे खिलाड़ियों ने बढ़ाया देश का मान
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सशस्त्र) राजेश कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि इसका उद्घाटन किया. उन्होंने भव्य परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली. सभी प्रतियोगियों और खेल अधिकारियों को खेल भावना के साथ चैंपियनशिप में भाग लेने की सलाह दी. उन्होंने इस चैंपियनशिप के आयोजन के लिए पुलिस महानिदेशक योगेश बहादुर खुरानिया का भी आभार जताया. कहा कि हाल ही में, ओडिशा पुलिस के सात खिलाड़ियों ने अमेरिका के बर्मिंघम में आयोजित विश्व पुलिस और अग्निशमन खेल-2025 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया और असाधारण खेल भावना का प्रदर्शन कर देश, राज्य और ओडिशा पुलिस का नाम रोशन किया. भारतीय खेलों के इतिहास में एक गौरवशाली अध्याय लिखते हुए ओडिशा पुलिस के खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स और कराटे स्पर्धाओं में व्यक्तिगत रूप से 13 स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य सहित 20 पदक जीते हैं. इस असाधारण सफलता ने देश, ओडिशा राज्य और ओडिशा पुलिस बल को गौरवान्वित किया है. डीआइएजी (पश्चिमांचल) बृजेश कुमार राय, सुंदरगढ़ के जिलापाल डॉ शुभंकर महापात्र, सुंदरगढ़ के एसपी प्रत्यूष दिवाकर, क्योंझर के एसपी कुशलकर नितिन दगुडू, राउरकेला के एसपी नीतेश वाधवानी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सभी टीमों के कप्तान, खिलाड़ी उद्घाटन समारोह में उपस्थित थे.
सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, कोरापुट और ब्रह्मपुर ने जीते मैच
इस चैंपियनशिप का उद्घाटन मैच सुंदरगढ़ जिला पुलिस और 8वीं स्पेशल आइआरबीएन, भंजनगर के बीच हुआ. सुंदरगढ़ जिला पुलिस ने यह मैच 6-0 गोल से जीत लिया. दूसरा मैच ओएसएपी द्वितीय बटालियन झारसुगुड़ा और कमिश्नरेट पुलिस के बीच हुआ. ओएसएपी द्वितीय बटालियन झारसुगुड़ा ने यह मैच 4-0 से जीता. भवानीपुर स्टेडियम में हुए तीसरे मैच में प्रथम आइआरबीएन कोरापुट ने ढेंकनाल को 6-0 से हराकर बड़ी जीत हासिल की. चौथे मैच में झारसुगुड़ा जिला पुलिस ने आइआरबीएन देवगढ़ को 4-1 से हराया. पांचवां मैच ब्रह्मपुर जिला पुलिस और तृतीय एसएसबीएन गजपति के खेला गया. इसमें ब्रह्मपुर जिला पुलिस ने 2-0 से जीत हासिल किया.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
