हिंदुत्व के मुद्दे को लेकर आदित्य ठाकरे ने बीजेपी पर निशाना साधा, कहा- हम लोगों को नहीं जलाते

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ शिवसेना की सहयोगी पार्टी बीजेपी महाराष्ट्र में दंगे भड़का रही है. उन्‍होंने यह भी साफ किया कि बीजेपी से उनका कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है.

Aditya Thackeray Hits BJP: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने मंगलवार को बीजेपी (BJP) पर निशाना साधा है. पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ शिवसेना की सहयोगी पार्टी बीजेपी महाराष्ट्र में दंगे भड़का रही है. शिवसेना (UBT) के नेता ने कहा कि उनका हिंदुत्व स्पष्ट रूप से परिभाषित है और वे भारतीय जनता पार्टी के हिंदुत्व में विश्वास नहीं करते हैं. आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने साल 2014 में भी शिवसेना को धोखा दिया था. हालांकि, उन्‍होंने यह भी साफ कर दिया कि भारतीय जनता पार्टी से उनका कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है.

हिंदुत्व के मुद्दे को लेकर ठाकरे ने BJP पर बोला हमला

शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने हिंदुत्व के मुद्दे को लेकर बीजेपी पर जमकर हमला किया. हैदराबाद में गीतम विश्वविद्यालय में छात्रों के एक समूह को संबोधित करते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा, हमारा हिंदुत्व स्पष्ट रूप से परिभाषित है और ये जगजाहिर है. हमें इस बात से कोई मतलब नहीं है कि कुछ लोग क्‍या खाते हैं, लेकिन बीजेपी के साथ ऐसा नहीं है. हम लोगों को इसलिए नहीं जलाते कि वे क्‍या खाते हैं. अगर यह बीजेपी का हिंदुत्व है तो यह मुझे, मेरे पिता, मेरे दादा और हमारे लोगों को स्वीकार्य नहीं है और ये महाराष्ट्र को भी स्‍वीकार्य नहीं होगा.

अयोध्या में राम मंदिर केंद्र सरकार की वजह से नहीं

आदित्‍य ठाकरे ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर केंद्र सरकार की वजह से नहीं बन रहा है. अगर आपको ऐसा लगता है तो आप गलत सोच रहे हैं. राम मंदिर बनने का आदेश सुप्रीम कोर्ट ने दिया है, केंद्र सरकार ने नहीं. इस दौरान आदित्‍य ठाकरे ने बीजेपी पर 2014 में तत्कालीन शिवसेना की पीठ में छुरा घोंपने का भी आरोप लगाया. उन्‍होंने कहा, मैं एक हिंदू हूं और एक हिंदू था जब बीजेपी ने 2014 में शिवसेना के साथ गठबंधन तोड़ दिया था. बीजेपी ने 2014 में हमारी पीठ में छुरा घोंपा था. हम तब हिंदू थे, अब भी हम हिंदू हैं.

बीजेपी कश्मीरी पंडितों के बारे में क्यों नहीं बोल रही है?

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने कहा बीजेपी आज राज्य में दंगे भड़का रही है. बीजेपी पर हमला जारी रखते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी हिंदुत्ववादी पार्टी कश्मीरी पंडितों के बारे में क्यों नहीं बोल रही है? जो कश्मीर से सुरक्षित स्थानों पर तबादले की मांग कर रहे हैं, जबकि कश्मीरी पंडित आज भी मारे जा रहे हैं?

बीजेपी के साथ हमारा कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं: ठाकरे

आदित्य ठाकरे ने कहा, अगर बीजेपी मेरे दादाजी की विचारधारा के बारे में इतनी ही सावधान होती तो उन्होंने मेरे दादाजी द्वारा बनाई गई पार्टी को खत्म करने की कोशिश नहीं की होती. यह पूछे जाने पर कि एकनाथ शिंदे और बीजेपी में से कौन उनकी पार्टी के लिए बड़ा खतरा है, आदित्य ठाकरे ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि एकनाथ शिंदे बिल्कुल भी खतरा हैं. उन्होंने कहा, बीजेपी के साथ हमारा कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Samir Kumar

More than 15 years of professional experience in the field of media industry after M.A. in Journalism From MCRPV Noida in 2005

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >