शिवसेना नेता विनायक राउत पर बहू ने लगाया मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना का आरोप, 7 पर FIR

शिवसेना (UBT) के वरिष्ठ नेता विनायक राउत और उनके परिवार पर उनकी बहू ने FIR दर्ज कराई है. बहू ने मानसिक, शारीरिक प्रताड़ना और अंधविश्वास से जुड़ी रस्मों में शामिल होने का आरोप लगाया है.

Maharashtra Politics : पूर्व सांसद और शिवसेना (UBT) के वरिष्ठ नेता विनायक राउत से जुड़ी एक बड़ी जानकारी सामने आई है. ठाणे के कपूरबावड़ी पुलिस स्टेशन में राउत और उनके परिवार के खिलाफ उनकी बहू ने FIR दर्ज कराई है. विनायक राउत की बहू गिरिजा राउत ने अपने शिकायत में मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने और अंधविश्वास से जुड़ी कथित तांत्रिक क्रियाएं करने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने इस मामले में पूर्व सांसद विनायक राउत, उनकी पत्नी, बेटे और गितेश राउत समेत दो कथित तांत्रिक फिरोज और काजी को नामजद किया है, जिसके खिलाफ घरेलू उत्पीड़न और जादू-टोना विरोधी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है.

गाय का मूत्र पिलाने और बाल नोचने का आरोप

गिरिजा राउत ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से उन्हें लगातार मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है. उनका कहना है कि परिवार के राजनीतिक प्रभाव के कारण वह इतने वर्षों तक शिकायत दर्ज कराने का साहस नहीं जुटा सकीं. मीडिया से बातचीत में गिरिजा ने अपने परिवार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मैंने सात साल तक सामाजिक, मानसिक और भावनात्मक उत्पीड़न झेला है. चूंकि परिवार राजनीतिक रूप से काफी प्रभावशाली है, इसलिए पहले शिकायत दर्ज कराने की हिम्मत नहीं हुई. गिरिजा राउत ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति के कथित संतान संबंधी समस्या को लेकर ससुराल पक्ष उन्हें कई बार कथित तांत्रिकों के पास ले गया. जहां अंधविश्वास से जुड़ी कथित रस्मों के तहत उन्हें जबरन गाय का मूत्र पिलाया गया और उनके बाल नोचे गए. उनका आरोप है कि इन कथित तांत्रिक क्रियाओं में पूरा परिवार शामिल था. गिरिजा राउत ने ये कहा कि पूर्व सांसद विनायक राउत परिवार के मुखिया होने के बावजूद कभी उनके पक्ष में नहीं खड़े हुए, जबकि उन्हें पूरी घटना की जानकारी थी.

हनीमून से ही बिगड़ गए रिश्ते

गिरिजा ने अपने पति गितेश राउत पर वैवाहिक जीवन को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि ऊटी में हनीमून के दौरान उनके पति ने शारीरिक संबंध बनाने से इनकार कर दिया. शिकायत के मुताबिक, जब भी उन्होंने करीब आने की कोशिश की, उनके पति ने उन्हें दूर धकेल दिया. उन्होंने कथित तौर पर कहा कि वह भारत में नहीं, बल्कि किसी अंतरराष्ट्रीय स्थान पर ही शारीरिक संबंध बना सकते हैं. गिरिजा ने यह भी आरोप लगाया कि ऊटी से लौटने के बाद पारिवारिक समारोह में जाते समय उनके पति ने रिश्तेदारों और अन्य लोगों के सामने छोटी-छोटी बातों पर सार्वजनिक रूप से डांटते हुए उन्हें अपमानित किया. शिकायत में वर्ष 2018 की ऑस्ट्रेलिया यात्रा का भी जिक्र किया गया है. गिरिजा का आरोप है कि वहां भी उनके पति उनसे दूरी बनाकर रहे. उन्होंने दावा किया कि जब उन्होंने इस बारे में बात करने की कोशिश की तो उनके साथ मारपीट की गई. शिकायत के अनुसार, उनके पति ने यह भी कहा कि यदि दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने तो उनकी मृत्यु हो जाएगी.

पुलिस ने दर्ज की FIR

पुलिस ने गिरिजा राउत की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा महाराष्ट्र के अंधश्रद्धा एवं काला जादू विरोधी कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया है. मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी आरोपों की पड़ताल कर रही है. ज्ञात हो कि विनायक राउत शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता हैं और महाराष्ट्र की रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं. उनके बेटे गितेश राउत वर्तमान में नगरसेवक हैं. मामले में विनायक राउत या उनके परिवार की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Gautam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >