प्रणव कुमार और राजेश कुमार की रिपोर्ट
Women unsafe in Ranchi: राजधानी में महिलाओं के साथ मारपीट, धमकी और प्रताड़ना की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. ताजा मामलों में एक महिला के पार्लर पर जबरन कब्जा करने और लाखों रुपए का सामान लूटने, जबकि दूसरी महिला के साथ होटल में मारपीट, गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है. दोनों मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पार्लर में जबरन ताला जड़ा और ले गए पांच लाख नकद
चर्च रोड स्थित संतुष्टि अपार्टमेंट के पास आलिया मेकओवर्स पार्लर पर जबरन कब्जा करने, लूटपाट और रंगदारी का मामला सामने आया है. मामले को लेकर पार्लर संचालिका मोबस्सहर आलिया ने अपने पति राहिल जाफर, देवर शायन जाफर, अनिमेष, आकाश और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ लोअर बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
पीड़िता के अनुसार, सभी आरोपी दिन के करीब 11:30 बजे हथियार के साथ पार्लर में घुसे. आरोपियों ने वहां मौजूद कर्मचारियों को धमकाया और पार्लर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद करा दिए. इसी दौरान कर्मचारी आरजू घटना की जानकारी देने के लिए मोबाइल निकाल रही थी, तभी अनिमेष ने उसका फोन छीन लिया. इसके बाद आरोपियों ने पार्लर पर जबरन अपना ताला लगा दिया. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी पार्लर के गल्ले से चार से पांच लाख रुपए नकद ले गए. इसके अलावा करीब 35 से 40 लाख रुपए के ब्यूटी प्रोडक्ट, मेकअप किट और अन्य सामान भी ले जाने का आरोप है.
ये भी पढ़ें- 100 रुपए दो, तभी लिखेंगे आवेदन ! चतरा सदर थाना का पुराना वीडियो वायरल, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
पति पर शादी के बाद से मारपीट का आरोप
पीड़िता ने प्राथमिकी में अपने पति राहिल जाफर पर शादी के बाद से शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया है. महिला के अनुसार, वह इस संबंध में पहले लोअर बाजार थाना और दिल्ली के सीएडब्ल्यू सेल में शिकायत कर चुकी है. घटना के बाद पीड़िता को एक अज्ञात नंबर से फोन कर जान से मारने की धमकी दिये जाने का भी आरोप है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
होटल में महिला से मारपीट, जातिसूचक शब्द कहने का आरोप
दूसरा मामला मांडर थाना क्षेत्र की 52 वर्षीय विधवा मंगरी खलखो से जुड़ा है. डंगराटोली स्थित होटल फन एंड फूड में महिला के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने का आरोप लगाया गया है. मंगरी खलखो ने इस संबंध में एलए गार्डेन रोड निवासी रोशनी कुमारी, सुशीला देवी, शनि कुमार और खुशी गुप्ता के खिलाफ लोअर बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
पीड़िता के अनुसार, 17 अगस्त की दोपहर करीब 3:30 बजे वह होटल में काम कर रही थी. इसी दौरान चारों आरोपी वहां पहुंचे और उसके साथ गाली-गलौज और बदसलूकी करने लगे. आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उसे अपमानित किया गया. साथ ही उसकी बेटियों का अपहरण कर उन्हें बेच देने की धमकी भी दी गई.
ये भी पढ़ें- बिजली बिल जमा करने के लिए आज खुले रहेंगे सभी एटीपी काउंटर
पहले भी दी गई थी काम छोड़ने की धमकी
मंगरी खलखो ने पुलिस को बताया कि 15 जून को भी आरोपी होटल में घुस आये थे और उसके साथ गाली-गलौज की थी. उस समय कथित तौर पर धमकी दी गई थी कि दोबारा होटल में काम करते दिखी, तो उसे झाडू की माला पहनाकर नंगा घुमाया जाएगा. इस धमकी के बाद डर के कारण उसने काम छोड़ दिया था.
पीड़िता के अनुसार, होटल मालिक के आश्वासन के बाद उसने दोबारा काम शुरू किया, लेकिन 17 अगस्त को फिर उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया. महिला ने पुलिस को बताया कि होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है. घटना के बाद महिला के सहमे होने की बात भी सामने आई है.
रैपिडो चालक ने महिला डॉक्टर से की बदसलूकी
इधर, महिला डॉक्टर नसरीन जमाल ने रैपिडो चालक पर अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने का आरोप लगाते हुए अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि 27 अगस्त की दोपहर करीब 2.30 बजे वह रिसालदार नगर, डोरंडा स्थित अपने आवास से जेसीईआरटी आरएएलआई, रातू जाने के लिए रैपिडो वाहन (जेएच-01एफएफ-0823) बुक किया था.
जाम के कारण दूसरे रास्ते से चलने को कहा
शिकायत के अनुसार, कडरू के पास जाम मिलने पर उन्होंने चालक से दूसरे रास्ते से चलने को कहा. चालक के वहां पहुंचने के बाद उसने किराया 700 रुपये से अधिक लगने की बात कही. इस पर महिला डॉक्टर ने वाहन से उतरने की बात कही. इसके बाद चालक ने रातू तक पहुंचाने के लिए 394 रुपए किराया देने को कहा.
किराया देने से मना करने पर अभद्र व्यवहार का आरोप
आरोप है कि किराया देने से मना करने पर चालक ने सार्वजनिक स्थान पर महिला डॉक्टर के साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज की. महिला डॉक्टर की शिकायत पर अरगोड़ा थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
