पश्चिमी सिंहभूम में किरीबुरू के सीएसआर विभाग के सहयोग से सृजन फाउंडेशन द्वारा पिछले एक वर्ष से स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की 37 महिलाओं को जूट सामग्री निर्माण का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा था. इस प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें अतिरिक्त आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना था. प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण होने के बाद सेल किरीबुरू एवं सृजन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में प्रमाणपत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया. इस दौरान प्रशिक्षण प्राप्त सभी महिलाओं को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं. मुख्य अतिथियों ने महिलाओं की मेहनत, लगन और सीखने की इच्छा की सराहना करते हुए उन्हें जूट उत्पाद निर्माण को स्वरोजगार एवं आय के स्थायी स्रोत के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. सृजन फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने प्रशिक्षण के अगले चरण की रूपरेखा भी साझा की. उन्होंने बताया कि महिलाओं के कौशल को और बेहतर बनाने के लिए रिफ्रेशर प्रशिक्षण, जूट उत्पादों के व्यावसायिक उत्पादन, ब्रांडिंग तथा मार्केटिंग को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि तैयार उत्पादों को व्यापक बाजार मिल सके और महिलाओं की आय में निरंतर वृद्धि हो. संस्था ने इन योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए सेल के सीएसआर विभाग से कच्चे माल, बिजली संचालित मशीनों एवं अन्य आवश्यक उपकरणों के लिए वित्तीय सहयोग का अनुरोध किया. उनका कहना था कि आवश्यक संसाधन उपलब्ध होने पर प्रशिक्षित महिलाएं संगठित रूप से उत्पादन शुरू कर आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा सकेंगी. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सीजीएम (खान) पी.एम. शिरपुरकर, सीजीएम (एचआर) धीरेन्द्र मिश्रा, जीएम (विद्युत) नवीन सोनकुसारे, डीजीएम (एचआर-एल एंड डीसी) रथीन विश्वास, एजीएम (एचआर-एल एंड डी) एवं प्रभारी सीएसआर सी.के. विश्वाल, एजीएम (यांत्रिक) रमेश सिन्हा तथा बी. बासा सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे. कार्यक्रम के सफल आयोजन में सृजन फाउंडेशन की टीम के सदस्य पूजा, स्वपन मन्ना, संजय दास, पुष्पा शर्मा एवं जाहिद अख्तर की महत्वपूर्ण भूमिका रही. सभी ने महिलाओं के प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और कार्यक्रम के सफल संचालन में सराहनीय योगदान दिया.
सेल किरीबुरू के सीएसआर सहयोग से 37 महिलाओं ने जूट प्रशिक्षण पूरा किया, प्रमाणपत्र वितरित
सेल किरीबुरू के सीएसआर सहयोग से 37 महिलाओं ने जूट सामग्री निर्माण का प्रशिक्षण पूरा किया। प्रमाणपत्र वितरण समारोह में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया।

सर्टिफिकेट के साथ स्वयं सहायता महिला समूह. | Prabhat Khabar Network