चक्रधरपुर: चक्रधरपुर नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार को नमस्ते दिवस का आयोजन किया गया. इस अवसर पर नगर परिषद के अध्यक्ष सन्नी उरांव द्वारा सफाई कर्मियों के बीच पीपीई (पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट) किट का वितरण किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य सफाई कर्मियों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें नमस्ते योजना के प्रति जागरूक करना था. कार्यक्रम में कार्यपालक पदाधिकारी ने नमस्ते योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य सीवर एवं सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं और मौतों को पूरी तरह समाप्त करना है. इसके तहत खतरनाक सफाई कार्यों में मानव श्रम के स्थान पर आधुनिक मशीनों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि किसी भी सफाई कर्मी को मानव मल के सीधे संपर्क में न आना पड़े. उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत सफाई कर्मियों को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संगठित कर उन्हें स्वच्छता उद्यमी (सैनिप्रेन्योर) के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है. इसके लिए मशीनरी एवं वाहन खरीदने हेतु आर्थिक सहायता और सब्सिडी भी उपलब्ध कराई जाती है. हाल के वर्षों में योजना का दायरा बढ़ाते हुए कूड़ा बीनने वाले श्रमिकों को भी इसमें शामिल किया गया है. कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि योजना के तहत चिन्हित सफाई कर्मियों और कूड़ा बीनने वालों को मुफ्त पीपीई किट, सुरक्षा उपकरण, कौशल विकास प्रशिक्षण, प्रशिक्षण अवधि में वजीफा तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य बीमा का लाभ दिया जाता है. इसके अलावा सीवर सफाई मशीन एवं अन्य उपकरण खरीदने के लिए पूंजीगत सब्सिडी और रियायती ऋण की भी व्यवस्था है. जो श्रमिक वैकल्पिक रोजगार अपनाना चाहते हैं, उन्हें स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है. उन्होंने कहा कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक या उसका परिवार सीवर सफाई, सेप्टिक टैंक सफाई, हाथ से मैला ढोने अथवा कचरा प्रबंधन कार्य से जुड़ा होना चाहिए. साथ ही शहरी स्थानीय निकायों के माध्यम से उनका पंजीकरण आवश्यक है. आवेदन के लिए आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, कार्य प्रमाण पत्र, बैंक खाता विवरण तथा पासपोर्ट आकार के फोटो की आवश्यकता होती है. कार्यक्रम के दौरान सफाई कर्मियों को सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया तथा योजना से जुड़कर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की गई. नगर परिषद के अधिकारियों ने कहा कि सफाई कर्मियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है.
नमस्ते दिवस पर नगर परिषद ने सफाई कर्मियों को वितरित की पीपीई किट, योजना की दी जानकारी
नमस्ते दिवस पर नगर परिषद ने सफाई कर्मियों को वितरित की पीपीई किट, योजना की दी जानकारी

नमस्ते दिवस पर नगर परिषद ने सफाई कर्मियों को वितरित की पीपीई किट, योजना की दी जानकारी | Prabhat Khabar Network