अंगरडीहा : इंदिरा आवास का एस्बेस्टस महिला पर गिरा, घायल
तांतनगर : तांतनगर के अंगरडीहा पंचायत के अंगरडीहा, सुरलु, दस्कनबासा आदि गांवों में शुक्रवार की देर शाम आयी आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचायी. आंधी-तूफान व ओलावृष्टि से कई घरों के एस्बेस्टस, खपरा व पुआल के छप्पर उड़ गये. पेड़ के उखड़ने व डालियों के टूट कर गिरने से कई घर व बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गये.
आंधी-तूफान के दौरान अंगरडीहा की पी पुरती अपने इंदिरा आवास में थी. उनके ऊपर एस्बेस्टस गिरने से वह बुरी तरह घायल हो गयी. जबकि सुरलू में सार्वजनिक जगह पर लगायी गयी सोलर लाइट उखड़ कर क्षतिग्रस्त हो गया. पंचायत की मुखिया शकुंतला कुई ने आंधी-तूफान से नुकसान का जायजा लेने के लिये शनिवार को क्षेत्र का दौरा किया. जिसके बाद उन्होंने फोन पर प्रखंड विकास पदाधिकारी को नुकसान की जानकारी दी.
एक दर्जन से अधिक लोग आंधी-तूफान से प्रभावित : आंधी-तूफान से पंचायत के दो दर्जन से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं. अंगरडीहा में उपेंद्र पुरती (अंगरडीहा) का इंदिरा आवास का एस्बेस्टस, जिंगी कुई (अंगरडीहा) खपरे का घर क्षतिग्रस्त हो गया. जबकि छोटा पुरती के मनिहारी दुकान, मेघनाथ गोप के घर का छप्पर उड़ गया. इसी प्रकार अंगरडीहा में संधु पुरती, सूर्यमणि देवी, मधु पुरती, जेम्स पुरती, इंदिरा पुरती, मेवालाल पुरती, सनातन पुरती, लवकिशोर पुरती, घनश्याम पुरती, राजेश पुरती, जेमा कुई, भगवान पुरती, दस्कन बासा में जयंती पुरती, मंधो पुरती, रंजीत बिरुली, व सुरलु में साजन बिरूली, मोतीलाल बिरूली, मार्शल पुरती के घर को भी काफी नुकसान पहुंचा है.
