पुरस्कार वितरण संग आदिवासी युवा महोत्सव का समापन
चाईबासा : आदिवासी हो समाज युवा महासभा की अोर से हरिगुट्टू केंद्रीय कार्यालय में आयोजित दो दिवसीय आदिवासी युवा महोत्सव 2017 का समापन रविवार को मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों व पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हो गया. समापन समारोह में चाईबासा सदर डीएसपी प्रकाश सोय, खूंटी डीएसपी विकास आनंद लागुरी, अंचल अधिकारी घाटशिला साधु चरण देवगम, बीडीओ लातेहार शंकराचार्य सामड, प्रशिक्षु डीएसपी वरूण देवगम, श्री राम बारी, प्रो संजीव बिरुली समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे. मौके पर वक्ताअों ने आदिवासी समाज को शिक्षित बनाने पर बल देते हुए कहा कि किसी भी समाज के विकास के लिए शिक्षा जरूरी है
. बिना शिक्षा कोई भी समाज अपने अधिकारों की लड़ाई नहीं लड़ सकता है. कार्यक्रम में संगठन के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष मधुसूदन मारला तथा युवा महासभा के भूषण पाठ पिंगुवा मौजूद रहे. युवन रांसा रासिका नाम से आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.
भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम: समापन समारोह में आदिवासी संस्कृति व परंपरा से अोत-प्रोत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. पारंपरिक वेश-भूषा में प्रस्तुत किये गये गीत-संगीत ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया.
सम्मानित हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले: अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया. उन्हें अतिथियों के हाथों स्मृति चिह्न व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
