चक्रधरपुर : चक्रधरपुर एनएच-75 कुसुमकुंज मोड़ पर मागे पर्व मना कर बाइक से लौट रहे एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गयी. घटना शनिवार रात करीब डेढ़ बजे की है.
जानकारी के मुताबिक खूंटपानी प्रखंड के बायका गांव निवासी जापान सिंह सामड (35) 11 फरवरी को झरझरा गांव में मागे पर्व मनाने गया था. देर रात बाइक (जेएच06एच-2206) से अकेले घर बायका लौट रहा था. इसी क्रम में कुसुमकुंज मोड़ पर बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गयी, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आयी. घटना कैसे हुई इसकी जानकारी नहीं मिल पायी है.
मागे पर्व मना लौट रहे…
घटना के बाद जापान सिंह सामड लहूलुहान सड़क पर पड़ा रहा. इस दौरान गश्ती कर रही पुलिस की नजर जापान सिंह पर पड़ी. इसके बाद उसे तत्काल रेलवे अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. रविवार सुबह शव को चक्रधरपुर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया. थाना प्रभारी गोपीनाथ तिवारी ने बताया कि जापान के सिर में गहरी चोट लगने के कारण काफी खून बह गया था. मृतक बोड़पा पुल के समीप एक होटल चलता था. परिवार वालों ने बताया कि 11 फरवरी की दोपहर वह झरझरा गांव में मागे पर्व मनाने गया था. मृतक की पत्नी व दो बेटे हैं.
चक्रधरपुर
एनएच-75 पर कुसुमकुंज मोड़ पर हुई सड़क दुर्घटना
खूंटपानी के बायका गांव का रहने वाला था जापान सिंह सामड
बोड़पा पुल के समीप होटल चलाता था, झरझरा गांव गया था मागे पर्व मनाने
