चक्रधरपुर : चक्रधरपुर का एक पुराना पोस्ट ऑफिस ऐसा है, जहां विगत छह जनवरी से ग्राहकों की राशि का लेनदेन बंद है. इससे ग्राहकों के समक्ष भारी संकट उत्पन्न हो गया है. जानकारी के मुताबिक विगत 6 जनवरी से कॉलोनी पोस्ट ऑफिस को कोर बैंकिंग कर दिया गया है. यह पोस्ट ऑफिस प्रेम निवास के समीप है.
जिस दिन से कोर बैंकिंग की गयी है, उस दिन से ग्राहकों का लेनदेन प्रभावित है. लेनदेन नहीं होने का मुख्य कारण लिंक फेल होना और स्टॉफ को कोर बैंकिंग संचालित करने का प्रशिक्षण नहीं दिया जाना है. इस संदर्भ में कॉलोनी पोस्ट ऑफिस के पोस्टमास्टर मुन्ना कुमार से जब पूछा गया तो उन्होंने बताया कि बीएसएनएल व एयरटेल की नेट सुविधा है. लेकिन हमेशा लिंक फेल होने के कारण ट्रांजेक्शन नहीं हो पा रहा है.
कभी 2 और कभी 3 ग्राहकों का ट्रांजेक्शन बड़ी मुश्किल से ही हो पाता है. इसके साथ ही बिना किसी प्रशिक्षण के कर्मियों को कोर बैंकिंग चलाने को दे दिया गया है, जिसके कारण समस्या उत्पन्न हो रही है. उक्त पोस्ट ऑफिस में हर दिन सैकड़ों ग्राहक आते हैं और बिना किसी लेन देन के वापस लौट जा रहे हैं. एक माह होने को आया लेकिन समस्या का समाधान नहीं निकाला जा रहा है.
