मनोहरपुर/गोइलकेरा : आनंदपुर-गोइलकेरा के सीमावर्ती क्षेत्र अंतर्गत श्रीजंग गांव में गणतंत्र दिवस की देर शाम में अज्ञात नक्सलियों द्वारा एक व्यक्ति की हत्या कर दी गयी. हत्या के पीछे पीएलएफआइ के नक्सलियों के हाथ होने की संभावना जताई जा रही है. गौरतलब है कि जगनंदन सिंह गांव के मुंडा बलदेव सिंह का भतीजा था.
अज्ञात पीएलएफआइ नक्सलियों ने पुलिस मुखबिर बता कर उसे घर से ले जाकर पांच सौ मीटर की दूरी पर उसकी हत्या कर दी. उसका शव बुधवार की सुबह तालाब के पास पड़ा मिला. इस बाबत गोइलकेरा थाना प्रभारी पतरस नाग के नेतृत्व में पुलिस बल ने शव को घटना स्थल से बरामद कर अंत्यपरीक्षण के लिए चाईबासा भेज दिया है. वहीं अज्ञात पीएलएफआइ नक्सलियों के खिलाफ गोइलकेरा थाना में मामला दर्ज किया गया है.
