सोनुवा/बंदगांव : चक्रधरपुर–गोइलकेरा तक सड़क निर्माण कर रही कंस्ट्रक्श्न कंपनी साउथ–ईस्ट कंपनी की एक टाटा हिटाची पोकलेन को नक्सलियों नें फूंक डाला. घटना मंगलवार की रात करीब दस बजे की बतायी जा रही है. पश्चिम सिंहभूम जिला के पीएलएफआइ संगठन के जोनल कमांडर शनिचर सुरिन ने प्रभात खबर को फोन करके इस घटना की जिम्मेदारी ली है. शनिचर ने कहा कि सोनुवा से गोइलकेरा तक सड़क निर्माण कार्य ठेकेदार बिना संगठन के अनुमति के कर रहा था.
पोकलेन झाड़गांव के जगन्नाथ आश्रम परिसर में रखा हुआ था. घटना की सूचना मिलने के बाद बुधवार सुबह सोनुवा पुलिस घटना स्थल पहुंच पर पहुंची. पुलिस ने आश्रम के बाबा करम सिंह से भी पूछताछ की. इस मामले में पोकलेन के मालिक जमशेदपुर के हरदीप सिंह ने सोनुवा थाना में मामला दर्ज कराया है. सोनुवा थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि पुिलस जांच कर रही है. बाबा करम सिंह के मुताबिक रात करीब दस बजे पोकलेन के इंजन स्टार्ट होने की आवाज आयी. बाहर देखा तो पोकलेन जल रहा था.
किसी ने धमकी नहीं दी: डीजीएम
सड़क निर्माण करा रही कंपनी के डीजीएम देवेन्द्र प्रसाद ने बताया कि पहले किसी संगठन व किसी व्यक्ति ने न तो पैसे की मांग की न ही कोई धमकी मिली है. देवेन्द्र कुमार के मुताबिक अन्य दिनों की भांति कार्य के बाद पोकलेन को आश्रम परिसर में रखा गया था. बीती रात की घटना से वे भी अचंभित हैं.
