चाईबासा : हर आदमी को रोटी, कपड़ा व मकान मिले. गांव में ही हर जरूरतमंद की मौलिक आवश्यकता की पूर्ति हो. इस सोच के साथ हमें आगामी योजना बनानी है. ये बातें कोल्हान आयुक्त अरुण ने रविवार को पिल्लई हॉल में कही. योजना बनाओ अभियान को लेकर आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए आयुक्त ने पश्चिमी सिंहभूम जिला के सभी 1627 गांवों को गोद लेने की लोगों से अपील की.
आयुक्त ने कहा कि अगर पंचायत का पानी हम पंचायत में ही 50 फीसदी भी रोक पाये तो, यह बड़ी क्रांति होगी. इससे पूर्व योजना बनाओ अभियान के तहत होने वाले तमाम प्रक्रियाओं, कार्यों को प्रोजेक्टर के माध्यम से सभी के समक्ष रखा गया. लोगों से भी इस अभियान से जुड़ी बातों में उत्पन्न संशय और सुझाव लिये गये.
कार्यक्रम को टाटा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ बीएन टुडू, बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष बीएन पांडेय, मांगीलाल रूंगटा हाई स्कूल के पूर्व प्राचार्य डॉ अशोक सिंह, डॉ जानेश्वर सिंह, सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष विकास दोदराजका आदि ने संबोधित किया. स्वागत डीपीओ बेंजामिन तिर्की, धन्यवाद ज्ञापन डीडीसी अनिल राय ने किया.
