चाईबासा : आचार संहिता का डंडा भाजपा व झामुमो के कई नेताओं पर चलने वाला है. भाजपा व झामुमो के इन नेताओं पर पंचायत चुनाव की घोषणा हो जाने के बाद भी राजनीतिक गतिविधि का संचालन करने का मामला सामने आ रहा है. साथ ही राजनीतिक गतिविधि के संचालन के साथ-साथ कुछ प्रत्याशियों को प्रोजेक्ट करने की भी बात सामने आ रही है.
हालांकि इस संबंध में अभी साक्ष्य जुटाने और आने वाली शिकायत के बाद कार्रवाई होने की बात सामने आ रही है. कुल चार मामले फिलहाल संज्ञान में आये हैं. उपायुक्त अबुबक्कर सिद्दीख पी ने सोमवार को अपने चैंबर में हुए विभिन्न कोषांगों के प्रभारियों से हुई बैठक में आचार संहिता का कड़ाई से पालन करवाने का निर्देश दिया. कहीं से भी आचार संहिता उल्लंघन का मामला आने पर नियमों के तहत शीघ्र कार्रवाई करने का आदेश दिया.
नयी योजना के शिलान्यास, घोषणा, नेताओं की ओर से लोकलुभावन वादे, धार्मिक भावना आहत करने वाले बयान, विधायक, सांसद द्वारा किसी प्रत्याशी के पक्ष में वोट की अपील करने आदि तमाम पहलुओं पर ध्यान देने का निर्देश दिया गया. विभिन्न कोषांगों को अपडेट करने का डीसी ने निर्देश दिया. तय समय पर प्रशिक्षण पूरा कराने, प्रशिक्षण में सभी की उपस्थिति व भागीदारी सुनिश्चित कराने का उपायुक्त ने आदेश दिया. मौके पर डीडीसी अनिल कुमार राय, एडीसी जयकिशोर प्रसाद, सदर एसडीओ राकेश दुबे, डीआरडीए निदेशक गणेश प्रसाद, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी डीइओ रजनीकांत वर्मा, डीएसइ पुष्पा कुजूर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुषमा नीलम सोरेन आदि उपस्थित थे.
उपायुक्त ने किया स्ट्रांग रूम का निरीक्षण
उपायुक्त अबुबक्कर सिद्दीख पी ने महिला कॉलेज परिसर में बने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया. वहां रखे बक्सों की जांच की. सुरक्षा कर्मियों को स्ट्रांग रूम की कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया.
