डीआइजी ऑफिस में बोले टेकनाथ झा
चाईबासा : जमशेदपुर के सोनारी खुंटाडीह मसजिद के पास ब्याही गयी चाईबासा की बेटी सोनी झा की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय मांगने गुरुवार को पूरा परिवार डीआइजी ऑफिस पहुंच गया.
पिता टेकनाथ झा, भाई चंदन झा, मां सुधीरा झा, मृतका का बेटा गोपालगौरव, बेटी भक्ति, प्रकाश उपाध्याय, गुड्ड पाठक, रवि आदि परिजनों ने डीआइजी के अनुपस्थिति में निष्पक्ष जांच से संबंधित मांग पत्र कार्यालय अधिकारी को सौंपा. डीआइजी की मौजूदगी में परिवार के सदस्य उनके समक्ष अपना बयान दर्ज करायेंगे.
मृतका के पिता टेकनाथ झा के मुताबिक ससुरालवालों की संदिग्ध हरकत के कारण उन्हें अपनी बेटी की हत्या किये जाने का यकीन है. उन्हें शक है कि संपत्ति विवाद में रोड़ा बनने के कारण सोनी की साजिश के तहत हत्या की गयी है. घटना के बाद ससुरालवालों ने उन्हें इसकी सूचना नहीं दी. हत्या को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है.
जिसका सबूत सोनी के शरीर पर मारपीट के निशान है. सोनी के बच्चों के मुताबिक मां के साथ पिता ने मारपीट की, जिसके बाद उसके दादा(चाचा ससुर) उन्हें घुमाने ले गये. सोनी के ससुराल वालों की वरीय पुलिस अधिकारी से पहचान होने के कारण वे स्थानीय पुलिस के सहयोग से मामले को दबाने का प्रयास कर रहे है. मामले का खुलासा होने तक पिता ने चुन नहीं बैठने की बात कही.
