चाईबासा : जिला स्कूल से द्वितीय श्रेणी में 12वीं की परीक्षा पास करने वाली सुमन लोहरा (17) ने गुरुवार की सुबह आर्थिक तंगी से परेशान होकर जीवन को खत्म कर दिया. सुमन जिला स्कूल के पास स्टेशन कॉलोनी में अपने भाई के साथ रहती थी. सुबह लगभग 6 बजे सुमन का बड़ा भाई अमन पास के मैदान में क्रिकेट खेलने चला गया.
8 बजे खेल कर जब वह वापस आया तो देखा सुमन दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे से लटक रही है. अमन ने शोर मचाकर अपने भाई-भाभी और पड़ोसियों को बुलाया. आनन-फानन में सुमन को पंखे से उतारा गया और निजी नर्सिग होम ले जाया गया. नर्सिग होम में सुमन को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.
कुछ दिन से थी परेशान
सुमन महिला कॉलेज में दाखिला लेना चाहती थी लेकिन पैसे की कमी के कारण दाखिला लेना मुश्किल हो रहा था. जिसे लेकर वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक दबाव में थी. सुमन का बड़ा भाई सील-लोढ़ा बनाकर घर का खर्च चलाता है. उसने अपने भाई से पढ़ने की इच्छा जतायी. भाई ने अपने साम के अनुसार उसे कुछ पैसे भी दिये जो काफी नहीं थे.
बनना चाहती थी भाई का सहारा
सुमन अपने बड़े भाई का सहारा बनना चाहती थी. सुमन का बड़ा भाई अमन उससे डेढ़ साल ही बड़ा है. मां-बाप के गुजर जाने के बाद अमन पर ही सुमन की जिम्मेदारी आ गयी. पड़ोसियों ने बताया कि सुमन कहती थी कि उसे पढ़कर अपने पैरों पर खड़ा होना है ताकि भाई का सहारा
बन सके.
