मतदान लोकतंत्र की आत्मा : उपायुक्त

राष्ट्रीय मतदाता दिवस. जाति, धर्म व वर्ग से ऊपर उठ निष्पक्ष मतदान करने की ली शपथ

सिमडेगा. राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन गुरुवार समाहरणालय सभागार में किया गया. कार्यक्रम का आयोजन निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर किया गया. कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कंचन सिंह ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों, कर्मियों व नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक रहने तथा क्षेत्र के मतदाताओं को जाति, धर्म, वर्ग से ऊपर उठ कर निष्पक्ष, शांतिपूर्ण मतदान करने की शपथ दिलायी. साथ ही लोकतंत्र में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी व मतदान के महत्व पर जोर दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की आत्मा है. प्रत्येक नागरिक का यह संवैधानिक दायित्व है कि वह निर्भीक व जिम्मेदारी के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करें. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों व आम नागरिकों को उनके अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति संकल्प दिलाया गया. इस अवसर पर सिमडेगा प्रखंड अंतर्गत दो नये मतदाताओं को उपायुक्त द्वारा एपिक कार्ड प्रदान किया गया. उन्होंने नये मतदाताओं को शुभकामनाएं देते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया. इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम भारतीय लोकतंत्र के हृदय में नागरिक व टैगलाइन मेरा भारत, मेरा वोट निर्धारित किया गया. उपायुक्त ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा, विविधतापूर्ण, युवा एवं समावेशी लोकतंत्र है और मतदाता दिवस लोकतंत्र को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण उत्सव है. कार्यक्रम में अपर समाहर्ता श्री ज्ञानेंद्र, जिला पंचायत राज पदाधिकारी दयानंद कार्जी, उप निर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार महतो, एलआरडीसी अरुणा कुमारी समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी व समाहरणालय कर्मी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >