लचरागढ़ का दौरा कर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

लचरागढ़ का दौरा कर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

बानो. कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी कोलेबिरा प्रखंड के दौरे के क्रम में गुरुवार को लचरागढ़ पहुंच स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं से अवगत हुए. विधायक ने ग्रामीणों का हाल-चाल जाना तथा विकास कार्यों से संबंधित समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया. ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष लचरागढ़ पुराने रोड के जल्द पक्कीकरण की मांग रखी. विधायक ने कहा कि सड़क पक्कीकरण की प्रक्रिया तेज कर दी गयी है और बहुत जल्द जिला योजना अथवा विधायक निधि से सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जायेगा. ग्रामीणों ने लचरागढ़-बरसलोया-लसिया-पुतरीटोली मुख्य सड़क के चौड़ीकरण की मांग भी उठायी. विधायक ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है और इसी वित्तीय वर्ष में सड़क चौड़ीकरण कार्य प्रारंभ कर दिया जायेगा. विधायक ने कोलेबिरा-मनोहरपुर एनएच मुख्य पथ निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि निर्माण एजेंसियों को कई बार कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया जा चुका है. इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में बालू की किल्लत की समस्या भी विधायक के समक्ष रखी. विधायक ने कहा कि कोलेबिरा प्रखंड क्षेत्र के अधिकांश छोटे नदी घाट कैटेगरी टू के अंतर्गत आते हैं, जिसे कैटेगरी एक में करना है. पेसा कानून के तहत ग्राम सभा को ग्रामीण क्षेत्रों पर जल, जंगल, जमीन व खनिज संपदा पर अधिकार प्राप्त है. कहा कि ग्रामसभा बैठक कर छोटे-छोटे बालू घाटों को अपने अधीन लेकर सरकार द्वारा निर्धारित 100 रुपये प्रति ट्रैक्टर राजस्व शुल्क देकर बालू उठाव कर लोगों को उपलब्ध करा सकती है. विधायक ने बताया कि बालू समस्या को लेकर उन्होंने विधानसभा में भी मामला उठाया है तथा मुख्यमंत्री से मिल कर छोटे बालू घाटों को चालू कराने की मांग की है. मौके पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष राकेश कोंगाड़ी, मंडल अध्यक्ष जोसेफ सोरेंग, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष सुरेश द्विवेदी, कांग्रेस रैसिया पंचायत अध्यक्ष कंदरू नायक, कांग्रेस कोलेबिरा पंचायत अध्यक्ष कुलदीप सोरेंग आदि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >