सिमडेगा. बोलबा प्रखंड के कुंदुरमुंडा गांव में लंबे समय से बंद पड़े सड़क निर्माण कार्य को लेकर बैठक हुई. बैठक में कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी मुख्य रूप से उपस्थित थे. बैठक के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में हो रही देरी तथा वन विभाग से फॉरेस्ट क्लीयरेंस नहीं मिलने की समस्या को विस्तार से रखा. ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार लिखित आवेदन दिया गया. इसके अलावा प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों के साथ बैठक भी की गयी, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है. ग्रामीणों ने कहा कि सड़क बंद रहने से लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, बच्चों को स्कूल जाने तथा किसानों को बाजार तक पहुंचने में काफी कठिनाई होती है. बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है. विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह शुरू से ही सड़क निर्माण को लेकर गंभीर रहे हैं. उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार संबंधित विभागों और वन विभाग के अधिकारियों से बातचीत की गयी है. हाल ही में वन विभाग और आरसीडी विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक भी हुई, जिसमें समाधान की दिशा में सकारात्मक चर्चा हुई. विधायक ने कहा कि ग्राम सभा से अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलते ही फॉरेस्ट क्लीयरेंस की प्रक्रिया पूरी कर सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जायेगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब इस समस्या का समाधान अवश्य होगा और ग्रामीणों को जल्द बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी. बैठक में विधायक प्रतिनिधि रावेल लकड़ा, प्रखंड अध्यक्ष ज्वलंत बेक, अमृत जैनुल अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
ग्रामीणों को जल्द बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी : विधायक
कुंदुरमुंडा गांव में सड़क निर्माण को लेकर बैठक, ग्रामीणों ने बतायी परेशानी
