कोलेबिरा. कोलेबिरा-सिमडेगा मुख्य पथ राष्ट्रीय राजमार्ग-143 पर गहरा नाला के समीप ट्रेलर खराब हो जाने से सड़क जाम हो गई. ट्रेलर के सड़क पर खड़े होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. इससे एनएच पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया. सड़क जाम के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई वाहन जाम में फंस गए, जिससे लोगों को काफी देर तक सड़क खुलने का इंतजार करना पड़ा.
मौके पर पहुंची प्रशासन
इधर, सड़क जाम होने की सूचना मिलने के बाद कोलेबिरा प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. प्रशासन ने जाम हटाने और यातायात व्यवस्था सामान्य करने का प्रयास किया. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई थी. स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने प्रशासन से खराब ट्रेलर को जल्द हटाकर सड़क पर आवागमन सामान्य कराने की मांग की.
