सिमडेगा. जिले के पाकरटांड़ थाना क्षेत्र में आपसी विवाद में बेटे ने अपने पिता की टांगी से मार कर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. जानकारी के अनुसार आठ अप्रैल की रात करीब सात बजे केउंदडीह बगीचाटोली निवासी विनोद केरकेट्टा (45) अपने पिता पात्रिक केरकेट्टा (65) के साथ घर में बैठ कर शराब पी रहा था. इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी, जो देखते ही देखते विवाद और गाली-गलौज में बदल गया. गुस्से में आकर विनोद केरकेट्टा ने घर में रखी धारदार कुल्हाड़ी से अपने पिता पर हमला कर दिया. हमले में पात्रिक केरकेट्टा की मौके पर ही मौत हो गयी. घटना के संबंध में मृतक के पुत्र लुकस केरकेट्टा (28) के लिखित आवेदन पर पाकरटांड़ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नौ अप्रैल को ही आरोपी विनोद केरकेट्टा को गिरफ्तार कर लिया. एसडीपीओ बैजू उरांव ने बताया कि उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार लोहे की कुल्हाड़ी को घटना स्थल से बरामद कर जब्त कर लिया गया है.
बेटे ने पिता की टांगी से मार कर की हत्या, गिरफ्तार
बेटे ने पिता की टांगी से मार कर की हत्या, गिरफ्तार
