हल्की बारिश में ही शहर में जलजमाव, आवागमन में परेशानी

नगर परिषद के लाखों खर्च के बावजूद समस्या बरकरार, स्थायी समाधान की मांग तेज

सिमडेगा. शहरी क्षेत्र में हल्की बारिश के बाद भी जलजमाव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. स्थिति यह है कि गर्मी के मौसम में भी शहर के कई इलाकों में बारिश जैसा नजारा देखने को मिल रहा है. सड़कों पर पानी जमा होने से आमजन को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. नगर परिषद कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने वीर बुधु भगत चौक के पास हल्की बारिश होते ही पानी भर जाता है. इससे राहगीरों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों को पेरशानी होती है, वहीं सड़क भी तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही है. इस प्रकार झूलन चौक से बस स्टैंड तक सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है. जयप्रकाश नारायण उद्यान के सामने भी जलजमाव की स्थिति बनी रहती है, जिससे आमजन, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद द्वारा गड्ढों को भरने और जलजमाव से निपटने के लिए अब तक लाखों रुपये खर्च किये जा चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है. गड्ढों को भरने के लिए चिप्स और डस्ट का उपयोग किया जा रहा है, जो टिकाऊ साबित नहीं हो रहा. वाहनों की आवाजाही से यह सामग्री जल्द बिखर जाती है और गड्ढे फिर से पानी से भर जाते हैं. लोगों की मांग है कि इन स्थानों पर स्थायी समाधान के तहत पीसीसी (कंक्रीट) सड़क का निर्माण कराया जाये. इससे न केवल जलजमाव की समस्या का समाधान होगा, बल्कि सड़कों की मजबूती भी बढ़ेगी और नगर परिषद के धन का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >