सिमडेगा. प्रस्तावित भारतमाला सड़क परियोजना को लेकर कोलेबिरा विधायक द्वारा ग्रामीणों के बीच जिस प्रकार भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है, उस पर भाजपा ने कड़ा पलटवार किया है. भाजपा जिला महामंत्री रवि गुप्ता ने कहा कि भारतमाला सड़क महज एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि संबलपुर से रांची को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण आर्थिक कॉरिडोर है, जो सिमडेगा जैसे वन एवं कृषि उपज बहुल जिले के लिए विकास के नये अवसर पैदा कर सकता है.
किसानों और व्यापारियों को बड़े बाजार से जोड़ने की बात
रवि गुप्ता ने कहा कि सिमडेगा जिले में सड़क, परिवहन और बाजार की बेहतर कनेक्टिविटी की लंबे समय से आवश्यकता रही है. बेहतर राष्ट्रीय राजमार्ग बनने से किसानों, वन उपज संग्राहकों, छोटे व्यापारियों और स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी. इससे रोजगार, व्यापार और निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी.
ग्रामसभा और पर्यावरण संरक्षण के सम्मान की बात
उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के साथ-साथ ग्रामीणों के हित, ग्रामसभा की संवैधानिक भूमिका और पर्यावरण संरक्षण का भी सम्मान करती है. यदि भूमि अधिग्रहण अथवा निर्माण को लेकर ग्रामीणों की कोई वास्तविक आपत्ति है, तो उसका समाधान संवाद और कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से होना चाहिए. लेकिन विकास परियोजना के नाम पर ग्रामीणों के बीच भय और भ्रम पैदा करना उचित नहीं है.
विधायक से पूछा- सड़क का विरोध या आर्थिक विकास का
रवि गुप्ता ने विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि विधायक को बताना चाहिए कि वह सड़क का विरोध कर रहे हैं या सिमडेगा के आर्थिक विकास का.
भाजपा जिला महामंत्री ने कहा कि सिमडेगा के लोगों को सड़क चाहिए, रोजगार चाहिए, बाजार चाहिए और विकास चाहिए. ग्रामीणों को विकास और अधिकारों के नाम पर आपस में बांटने के बजाय विधायक को सरकार के सामने जिले के लिए बेहतर पैकेज, उचित मुआवजा, पुनर्वास और स्थानीय रोजगार की मांग करनी चाहिए.
