सलीमा टेटे जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत : मनोज

सिमडेगा की बेटी फिर बनीं भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान, जिले में खुशी की लहर

सिमडेगा. सलीमा टेटे को एक बार फिर भारतीय महिला हॉकी टीम का कप्तान चुने जाने पर सिमडेगा जिले में खुशी का माहौल है. जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र बड़कीछापर की रहने वाली सलीमा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनायी है. ओलिंपियन रह चुकी सलीमा पहले भी भारतीय टीम का नेतृत्व कर चुकी हैं और अब दोबारा कप्तानी मिलने से जिले के खिलाड़ियों में नया उत्साह देखने को मिल रहा है. जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार ने इसे पूरे झारखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि सलीमा ने संघर्ष व समर्पण के बल पर जो मुकाम हासिल किया है, वह जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है. उनके नेतृत्व में भारतीय महिला हॉकी टीम बेहतर प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेगी. हॉकी सिमडेगा के मनोज कोनबेगी ने कहा कि सिमडेगा जैसे छोटे जिले से निकल कर सलीमा का भारतीय टीम की कप्तान बनना इस बात का प्रमाण है कि यहां प्रतिभाओं की कमी नहीं है. उन्होंने कहा कि सलीमा की सफलता से जिले के कई युवा खिलाड़ी प्रेरित होकर आगे बढ़ेंगे. इधर, हॉकी खिलाड़ी सानिया तिर्की ने कहा कि सलीमा का संघर्ष और खेल के प्रति समर्पण सभी खिलाड़ियों के लिए सीख है. वहीं खिलाड़ी अनीशा कल्लू ने कहा कि जिस हॉस्टल से वे प्रशिक्षण ले रही हैं, उसी से निकल कर सलीमा ने देश का नेतृत्व किया है, जो उनके लिए गर्व की बात है. सलीमा टेटे की उपलब्धि ने एक बार फिर सिमडेगा को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर खास पहचान दिलायी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >