सिमडेगा. उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग समीक्षा बैठक हुई. बैठक में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना सहित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने पीएम पोषण योजना अंतर्गत नामांकित छात्रों के विरुद्ध औसत आच्छादन की स्थिति की जानकारी ली. बताया गया कि सिमडेगा जिले के कुल 961 विद्यालयों में मध्याह्न भोजन संचालित हैं, जिसमें कक्षा एक से कक्षा आठ तक कुल 79,339 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं. वित्तीय वर्ष 2025-26 के दिसंबर माह तक औसतन 85 प्रतिशत छात्रों का आच्छादन सुनिश्चित किया गया है. बैठक में जानकारी दी गयी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रथम, द्वितीय व तृतीय त्रिमास का खाद्यान्न उठाव पूरा कर लिया गया है, जबकि चतुर्थ त्रिमास के लिए आरओ निर्गत हो चुका है और खाद्यान्न उठाव की प्रक्रिया जारी है. साथ ही पूरक पोषाहार (अंडा व फल) की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में बच्चों को नियमित रूप से फल एवं अंडा उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाये. बैठक में छात्रों के स्वास्थ्य जांच की समीक्षा की गयी. बैठक में बोर्ड परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की गयी. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि शिक्षकों के साथ बैठक कर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की जा रही हैं. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि इस वर्ष जिले के बच्चे बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करें, जिसे प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाये. बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिलेश केरकेट्टा, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक राम, सिविल सर्जन डॉ सुंदर मोहन सामाद समेत सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
