सिमडेगा. जिला पेंशनर समाज की मासिक बैठक पेंशनर भवन में समाज के अध्यक्ष इग्नेश तिर्की की अध्यक्षता में हुई. बैठक में उपस्थित पेंशनरों की पेंशन से संबंधित विभिन्न समस्याओं के समाधान पर विचार-विमर्श किया गया. समाज के सचिव राम कैलाश राम ने राज्य कमेटी में पारित प्रस्तावों की जानकारी दी.
सांसद-विधायक के माध्यम से सरकार को देंगे मांग पत्र
राज्य कमेटी के प्रस्ताव के आलोक में क्षेत्र के सांसद एवं विधायक के माध्यम से सरकार को छह सूत्री मांग पत्र देने का निर्णय लिया गया. इसमें कैबिनेट से पारित वेलिडेशन एक्ट को निरस्त करने की मांग शामिल है. इसके अलावा माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम 2007 के तहत विधवा बहू एवं परित्यक्ता पुत्री को भी पेंशन का अधिकार देने की मांग की गयी.
65 साल से बढ़े अतिरिक्त पेंशन का प्रतिशत
पेंशनरों ने सेवानिवृत्ति के 65 वर्ष की आयु से पांच प्रतिशत, 70 वर्ष से 10 प्रतिशत और 75 वर्ष से 15 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन देने की मांग की है. इसके साथ ही सेवानिवृत्त पेंशनरों का इलाज कैशलेस कराने सहित विभिन्न मांगों को भी छह सूत्री मांग पत्र में शामिल किया गया है.
19 सितंबर को पेंशनर भवन में लगेगा निःशुल्क शिविर
कार्यकारी सचिव देवेंद्र प्रसाद तिवारी ने बताया कि सिमडेगा सदर अस्पताल के डॉक्टर द्वारा 19 सितंबर को 11 बजे से पेंशनर भवन परिसर में निःशुल्क जांच एवं इलाज के लिए शिविर आयोजित किया जायेगा. उन्होंने सभी पेंशनरों से शिविर में पहुंचकर अपना इलाज कराने की अपील की.
नेपाल त्रासदी में मृत लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना
बैठक में राम विलास शर्मा, ग्लोरिय सोरेन, साधु मालुवा, एतवा मांझी, मीडिया प्रभारी सुरेश कुमार चौधरी, अर्जुन मिस्त्री, अगस्तुस एक्का, तारकेश्वर तिवारी, योगेन्द्र मेहरा, सावधानी कुल्लू, संगम लकड़ा, मार्था लुगुन, जवाहर प्रसाद आदि उपस्थित थे. अंत में नेपाल में आयी त्रासदी में जान गंवाने वालों के प्रति दो मिनट का मौन धारण किया गया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गयी.
