सिमडेगा. ठेठईटांगर प्रखंड के कोरोमियां पंचायत अंतर्गत जपलांग स्थित क्रूस टोंगरी में सोमवार को क्रूस विजय परब श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया. कार्यक्रम में काफी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु शामिल हुए. पुरोहितों ने विधिवत पवित्र मिस्सा बलिदान अर्पित कराया. श्रद्धालुओं ने सामूहिक प्रार्थना कर क्षेत्र, समाज और परिवारों की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की.
धार्मिक आयोजन के साथ दिखी आदिवासी संस्कृति
इस मौके पर ग्रामीणों ने आदिवासी संस्कृति पर आधारित पारंपरिक नृत्य और धार्मिक झांकी प्रस्तुत की. पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम स्थल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण रहा.
अमृत चिराग तिर्की ने दी पर्व की शुभकामना
भारत आदिवासी पार्टी के सिमडेगा जिला अध्यक्ष अमृत चिराग तिर्की ने श्रद्धालुओं और आयोजन समिति को पर्व की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि क्रूस विजय परब आस्था, प्रेम, शांति, त्याग और मानवता का संदेश देता है. ऐसे धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन समाज में भाईचारा, एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं.
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी संस्कृति, परंपरा, भाषा, प्रकृति और धार्मिक आस्था से जुड़ी है. इसे संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है.
काफी संख्या में ग्रामीण हुए शामिल
मौके पर जिप सदस्य अजय एक्का, मुखिया रेणुका सोरेंग, ग्राम सभा अध्यक्ष जोहान बारला, अमित कुल्लू, हार्मोन जी, अमित तिर्की, जोन लकड़ा, संत अन्ना कॉन्वेंट ताराबोगा की धर्म बहनें, सालंगापोस मिशन के कैथोलिक सभा, महिला संघ व युवा संघ के पदाधिकारी-सदस्य सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
