जलडेगा. जलडेगा स्थित पीएमश्री एसएस प्लस टू उवि में प्रखंड संसाधन केंद्र जलडेगा व सीएफआइ ग्रुप रांची के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान समारोह सह कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उदघाटन बीडीओ डॉ प्रवीण कुमार, एसआइ रोहित रजक, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मनमोहन गोस्वामी, सीएफआइ ग्रुप के निदेशक डॉ राकेश कुमार सिंह, बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक विकास कुमार तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक सोमनाथ उरांव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम में प्रखंड के 13 उच्च विद्यालयों के शिक्षक, प्रत्येक विद्यालय के टॉप 10 विद्यार्थी व उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित थे. बीडीओ डॉ प्रवीण कुमार ने कहा कि कठिन परिस्थितियां कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं. संघर्ष व निरंतर मेहनत के बल पर इस क्षेत्र के युवा आज आइएएस व आइपीएस जैसे प्रतिष्ठित पदों तक पहुंच रहे हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी. मनमोहन गोस्वामी ने विद्यार्थियों को कछुए की तरह निरंतर और धैर्यपूर्वक मेहनत करने की सीख देते हुए कहा कि लगातार प्रयास करने वालों को सफलता अवश्य मिलती है. कार्यक्रम के दौरान मैट्रिक व इंटर परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सीएफआइ ग्रुप की ओर से प्रशस्ति पत्र, मेडल व शील्ड देकर सम्मानित किया गया. काउंसेलर के रूप में सीएफआइ ग्रुप के निदेशक डॉ राकेश कुमार सिंह, कुमार सौरव, कौशल कुमार, भास्कर रंजन, विशाल कुमार, पूजा चंद्रा एवं मिताली कुमारी ने विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान करते हुए बेहतर भविष्य के लिए सही दिशा चुनने का मार्गदर्शन दिया. इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड हेल्थ टीम ने मेडिकल क्षेत्र में उपलब्ध करियर संभावनाओं पर जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में सीएफआइ इंस्टीट्यूट जलडेगा के संचालक सह समन्वयक सुरेश नायक, विकास कुमार सोनी व हेमराज डुंगडुंग की अहम भूमिका रही.
मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
प्रतिभा सम्मान समारोह सह कैरियर काउंसेलिंग का आयोजन

मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित