सिमडेगा. उपायुक्त के निर्देश पर प्रोजेक्ट टीम 2.0 के तहत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), सिमडेगा में चयनित शिक्षकों की कार्यशाला आयोजित की गयी. इसमें मैट्रिक तथा इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 की तैयारी और परीक्षाफल में सुधार को लेकर शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.
परीक्षाफल सुधार के लिए बनी प्रोजेक्ट टीम 2.0
परीक्षाफल में सुधार के उद्देश्य से जिला शिक्षा पदाधिकारी और डायट की ओर से प्रोजेक्ट टीम 2.0 गठित की गयी है. इसके तहत विषयवार शिक्षकों का चयन कर प्रश्नपत्र निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गयी है.
जिला शिक्षा अधीक्षक सह डायट प्राचार्य दीपक राम ने बताया कि प्रत्येक विषय में जिले के तीन शिक्षकों को टीम में शामिल किया गया है. उन्हें प्रश्नपत्र तैयार कर निर्धारित समय पर डायट को उपलब्ध कराना होगा.
सितंबर से नवंबर तक खंडित पाठ्यक्रम से परीक्षा
दीपक राम ने बताया कि पूरे पाठ्यक्रम को तीन भागों में बांटा गया है. सितंबर, अक्तूबर और नवंबर में खंडित पाठ्यक्रम के आधार पर जैक पैटर्न पर परीक्षाएं होंगी. दिसंबर और जनवरी में पूरे पाठ्यक्रम से परीक्षा ली जायेगी. इसके लिए डेटशीट जारी कर दी गयी है.
प्रश्नपत्र से परीक्षा तक निगरानी करेगी समिति
प्रश्नपत्र निर्माण से लेकर परीक्षा के सफल संचालन, विश्वसनीयता और गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए निगरानी समिति भी गठित की गयी है. समिति में जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिलेश केरकेट्टा, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक राम, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी अरुण कुमार पांडेय, डायट संकाय सदस्य और शिक्षक सत्यजीत कुमार शामिल हैं.
