जिलास्तरीय आधार निगरानी समिति की समीक्षा बैठक सिमडेगा. उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में उपायुक्त ने जिले में संचालित आधार केंद्रों की स्थिति, पंजीकरण व अद्यतन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. जिला यूडीआइडी पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जिले में कुल 174 आधार केंद्र आवंटित हैं, जिनमें से वर्तमान में 79 केंद्र सक्रिय तथा 95 केंद्र निष्क्रिय हैं. उन्होंने बताया कि बीते माह से वर्तमान माह के बीच कुल 6,151 नये आधार पंजीकरण एवं 37,756 आधार अद्यतन किये गये हैं. इसके अलावा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आइपीपीबी) अंतर्गत प्रखंड स्तर पर 121 आधार केंद्र आवंटित हैं, जिसमें से 63 केंद्रों पर ग्राम डाक सेवा के माध्यम से आधार सेवाएं दी जा रही हैं. इन केंद्रों से कुल 18,121 आधार पंजीकरण एवं अद्यतन कार्य संपन्न हुए हैं. सीएससी द्वारा संचालित आधार केंद्रों में एक अतिरिक्त आधार ऑपरेटर को क्रियाशील किया गया है. अगस्त 2025 से सीएससी के अंतर्गत दो ऑपरेटर कार्यरत हैं. उपायुक्त ने समाज कल्याण विभाग अंतर्गत आधार केंद्रों को शीघ्र क्रियाशील करने का निर्देश दिया. साथ ही 100 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मृत व्यक्तियों के आधार का सत्यापन कर विलोपन सुनिश्चित करने, शून्य से पांच वर्ष के बच्चों के लिए जन्म प्रमाण पत्र अनिवार्य करने तथा 18 वर्ष की आयु पर आधार बनवाने के लिए जन्म प्रमाण पत्र एवं वोटर आईडी को अनिवार्य करने के निर्देश दिया गया. लंबित आधार सत्यापन मामलों के समयबद्ध निष्पादन पर भी जोर दिया गया. बैंक में संचालित आधार केंद्र को भी क्रियाशील करने की बात कही गयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
