सिमडेगा. संत जेवियर्स कॉलेज सिमडेगा के हिंदी विभाग, हिंदी साहित्यिक क्लब एवं आइक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में हिंदी दिवस पर ‘हिंदी की नयी उड़ान’ विषय पर विविध कार्यक्रम आयोजित किये गये. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और ईश वंदना नृत्य से हुआ. अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया.
कविता और भाषण से विद्यार्थियों ने रखे विचार
बौद्धिक सत्र में विद्यार्थियों ने कविता पाठ और भाषण प्रस्तुत किये. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘भाषा और अस्मिता का अंतर्संबंध’ विषय पर डॉ जयंत कुमार कश्यप का व्याख्यान रहा. उन्होंने हिंदी के महत्व, सामाजिक-सांस्कृतिक भूमिका तथा भाषा और अस्मिता के संबंध पर विचार रखे.
‘जनतागिरी’ नुक्कड़ नाटक ने खींचा ध्यान
सांस्कृतिक सत्र में कुमार उदय सिंह द्वारा रचित ‘जनतागिरी’ नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया. समूह गान और विद्यार्थियों की नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में रंग भर दिया. विद्यार्थियों के लिए निबंध, लघु कथा और कविता लेखन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गयीं.
निबंध लेखन में कविता तिर्की रहीं प्रथम
निबंध लेखन प्रतियोगिता में कविता तिर्की प्रथम, सैनी केरकेट्टा द्वितीय और प्रिया मांझी तृतीय रहीं. लघु कथा लेखन में जेन रोजलीन बारला, सोफिया किंडो और दीपा कुमारी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया.
कविता लेखन प्रतियोगिता में जेन रोजलीन बारला प्रथम, दीपा कुमारी द्वितीय और प्रतिभा कुजूर तृतीय रहीं. सभी विजेताओं को प्रमाण-पत्र दिये गये.
राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम हुआ संपन्न
धन्यवाद ज्ञापन विभागाध्यक्ष सीमा खेस्स ने किया. कार्यक्रम का संचालन सुमोरिया डुंगडुंग और अनुपा मिंज ने किया. राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ.
मौके पर प्राचार्य डॉ फादर रोशन बा, डॉ फादर नाबोर लकड़ा, डॉ फादर सुशील बिलुंग, डॉ सुनील केरकेट्टा, निशी तिर्की, प्रतिमा परधिया समेत प्राध्यापक व विद्यार्थी उपस्थित थे.
