सिमडेगा. बिरमित्रापुर के पूर्व विधायक जॉर्ज तिर्की की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में सिमडेगा विधायक सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूषण बाड़ा भी शामिल हुए. उनके साथ कांग्रेस महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सह जिप सदस्य जोसिमा खाखा, जिप सदस्य समरोम पौल तोपनो, जॉर्ज तिर्की के पुत्र सह विधायक रोहित जोसेफ तिर्की, राजगांगपुर विधायक राजन एक्का, विधायक प्रतिनिधि शीतल एक्का, पंचायत समिति सदस्य प्रतिमा कुजूर, विजय किंडो, अशोक तिर्की, बैथलोमी तिर्की सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
सभी ने स्वर्गीय जॉर्ज तिर्की के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि जॉर्ज तिर्की का निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने कहा कि जॉर्ज तिर्की ने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन में हमेशा आम लोगों की आवाज को मजबूती से उठाया. विशेष रूप से आदिवासी समाज, गरीबों, किसानों और जरूरतमंद लोगों के अधिकारों के लिए उन्होंने लगातार संघर्ष किया. अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े होकर उन्होंने अलग पहचान बनायी.
जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने कहा कि जॉर्ज तिर्की का जीवन संघर्ष और जनसेवा का प्रतीक रहा. उन्होंने समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की आवाज बनने का काम किया.
मौके पर विधायक भूषण बाड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्वर्गीय जॉर्ज तिर्की की प्रतिमा का अनावरण भी किया.
