सिमडेगा: साइमन तिग्गा उच्च विद्यालय, घोचोटोली में सोमवार को विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय साइमन तिग्गा की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई. इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत उनके चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई. इसके बाद सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
श्रद्धांजलि सभा में विद्यालय के निदेशक शफीक खान, समन्वय समिति के उपाध्यक्ष मनोज झा, प्रधानाध्यापिका जॉय किंडो, शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने स्वर्गीय साइमन तिग्गा के शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
इस अवसर पर निदेशक शफीक खान ने कहा कि स्वर्गीय साइमन तिग्गा ने शिक्षा को समाज के विकास का सबसे प्रभावी माध्यम मानते हुए विद्यालय की स्थापना की थी. उनका उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना था. उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों और मूल्यों को अपनाकर शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
कार्यक्रम में शिक्षक सुदर्शन मेहर, सृष्टि खाखा, प्रियंका किंडो, दिव्या डुंगडुंग, जयमंती केरकेट्टा सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित थे. अंत में सभी ने स्वर्गीय साइमन तिग्गा के आदर्शों पर चलने और शिक्षा के माध्यम से समाज की सेवा करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ.
