सिमडेगा. जिले के ठेठईटांगर प्रखंड में किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत विधायक मद से सोलर पंप सेट व ट्रॉली का वितरण किया. यह वितरण कार्यक्रम प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें ठेठईटांगर, बोलबा और बांसजोर समेत नौ गांवों के किसानों को योजना का लाभ दिया गया. लंबे समय से सिंचाई की समस्या से जूझ रहे किसानों के लिए यह पहल काफी कारगर साबित होने की उम्मीद जतायी जा रही है. विधायक ने कहा कि सोलर पंप सेट मिलने से अब किसानों को बिजली पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और वे समय पर अपने खेतों की सिंचाई कर सकेंगे. इससे खेती की लागत में कमी आने के साथ-साथ फसल उत्पादन में भी बढ़ोतरी होगी. उन्होंने बताया कि योजना की खास बात यह है कि सोलर पंप ट्रॉली आधारित हैं, जिनमें पहिए लगे हुए हैं. किसान इन्हें आसानी से खेत के अलग-अलग हिस्सों में ले जाकर उपयोग कर सकते हैं. कार्यक्रम के दौरान किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला. लाभुक किसानों ने इस पहल पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे उनकी खेती में काफी सहूलियत मिलेगी. विधायक ने कहा कि सरकार किसानों के विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है और आगे भी ऐसी योजनाओं का विस्तार किया जायेगा. मौके पर बीडीओ नूतन मिंज, जिला विधायक प्रतिनिधि शमी आलम, रावेल लकड़ा, सांसद प्रतिनिधि अमित डुंगडुंग, प्रमुख बिपिन पंकज मिंज, प्रखंड अध्यक्ष राकेश कोंगाड़ी, संजय कुजूर, ज्योलांत बेक, अमृत डुंगडुंग, मोहम्मद कारू, जेरोम मिंज, सुनील जोजो, सिपरीयन समद, पावल बागे, रतन डुंगडुंग, कय्यूम आलम, अशजद अफरीदी, प्रमोद डुंगडुंग समेत अन्य लोग उपस्थित थे.
सोलर पंप सेट मिलने से किसानों को होगा लाभ : विधायक
किसानों के बीच सोलर पंप सेट व ट्रॉली वितरित
