सिमडेगा. पिछड़ी जाति नगर निकाय संघर्ष समिति की बैठक कुंजनगर में हुई. अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रामजी यादव ने की. बैठक में नगर परिषद चुनाव में ओबीसी के आरक्षण शून्य किये जाने पर आक्रोश व्यक्त किया गया. बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निकाय चुनाव में एवं नौकरी में शून्य आरक्षण तथा पेसा कानून में अधिकार नहीं देने के विरोध में पिछड़ी जाति द्वारा 20 जनवरी को शाम पांच बजे मशाल जुलूस निकाला जायेगा. जुलूस प्रिंस चौक से नीचे बाजार पेट्रोल पंप तक जायेगा. 21 जनवरी को पूर्वाह्न 11 बजे से भीमराव आंबेडकर चौक के पास धरना-प्रदर्शन किया जायेगा. इसके बाद उपायुक्त सिमडेगा के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जायेगा. बैठक में समिति के मुख्य संरक्षक जगदीश साहू व अध्यक्ष रामजी यादव ने कहा कि गुमला व लोहरदगा जिले में ओबीसी को आरक्षण दिया गया है. जिले को आरक्षण नहीं दिया जाना ओबीसी वर्ग के साथ शोषण किये जाने की तरह है. बैठक में अनूप केशरी, दीपक पूरी, रामकिशुन केसरी, अशोक, दिलीप साह, सुनील साह, परशुराम साहु, बजरंग प्रसाद, संटू गुप्ता आदि उपस्थित थे.
कोनाप गांव पहुंच सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
बानो. बड़काडुइल पंचायत अंतर्गत कोनाप राजस्व ग्राम स्थित विद्यालय प्रांगण में सोमवार को विधायक सुदीप गुड़िया का आगमन हुआ. उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुन उनके शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही. विधायक ने ग्रामीणों को अपने हक व अधिकार के प्रति जागरूक रहने तथा अपनी आवश्यक मांगों को उचित मंच पर रखने का आह्वान किया. उन्होंने उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय कोनाटोली लामगढ़, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोनाप व राजकीयकृत उत्क्रमित मवि बड़काडुइल के शिक्षकों से विद्यालय संचालन की जानकारी ली. शिक्षकों को निर्देश दिया गया कि बच्चों को सरकार द्वारा दी जाने वाली सभी सुविधाएं शत-प्रतिशत उपलब्ध करायी जाये तथा मध्याह्न भोजन का संचालन मेन्यू के अनुसार सुनियोजित ढंग से किया जाये. बैठक में राजकीयकृत उत्क्रमित मवि बड़काडुइल के प्रधानाध्यापक केदारनाथ सिंह ने पंचायत में एक भी हाई स्कूल नहीं होने की समस्या उठायी. इस पर विधायक ने आगामी विधानसभा सत्र में इस विषय को उठाने का आश्वासन दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
