सिमडेगा. दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल की अध्यक्षता में झारखंड के कांग्रेस विधायकों की बैठक हुई. बैठक का स्पष्ट संदेश था कि झारखंड में संगठन को जमीनी स्तर पर और आक्रामक बनाया जाये तथा जनता के मुद्दों पर भाजपा को सीधी चुनौती दी जाये. केसी वेणुगोपाल ने सभी विधायकों व नेताओं को साफ निर्देश दिया कि आनेवाले दिनों में संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लायी जाये और जनता के बीच रह कर संघर्ष की राजनीति को और धार दी जाये. बैठक में झारखंड प्रदेश प्रभारी के राजू ने संगठन की वर्तमान स्थिति, विपक्षी दलों की रणनीति व आगामी चुनावी परिदृश्य को लेकर विस्तृत रिपोर्ट पेश की. उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि कांग्रेस कार्यकर्ता हर गांव, हर टोला और हर बूथ पर सक्रिय होकर जनता के सवालों को मजबूती से उठायें. कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ने बैठक में संगठन की मजबूती को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता आज भी कांग्रेस की विचारधारा पर भरोसा करती है. लेकिन जरूरत है कि इस भरोसे को संगठित ताकत में बदला जाये. उन्होंने कहा कि संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे लाना, निष्क्रियता पर लगाम लगाना और जनसंघर्ष को प्राथमिकता देना अब अनिवार्य हो चुका है. विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि आदिवासी, दलित, किसान और मजदूर वर्ग आज महंगाई, बेरोजगारी व अधिकारों के हनन से त्रस्त है और कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है, जो उनकी आवाज को मजबूती से उठा सकती है. बैठक में विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, विधायक राजेश कच्छप, विधायक सोना राम सिंकू, विधायक सुरेश बैठा समेत अन्य विधायकों ने भी अपने क्षेत्रों की राजनीतिक स्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों से जनता में नाराजगी बढ़ रही है, जिसे कांग्रेस को जन आंदोलन में बदलना होगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
