डॉ शैल बाला सोरेंग को मिला राष्ट्रपति पदक

डॉ शैल बाला सोरेंग को मिला राष्ट्रपति पदक

सिमडेगा. नयी दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित सीमा सुरक्षा बल के अलंकरण समारोह में बीएसएफ के 47 कर्मियों को वीरता व उत्कृष्ट सेवा के लिए विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया. इन सम्मानों की घोषणा वर्ष 2024 में 78वें स्वतंत्रता दिवस पर की गयी थी. समारोह में झारखंड के सिमडेगा की बेटी डॉ शैल बाला सोरेंग टेटे को भी सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक प्रदान किया गया. वर्तमान में वह सीमा सुरक्षा बल में उप महानिरीक्षक (मेडिकल) के पद पर सिलीगुड़ी में पदस्थापित हैं. यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें बीएसएफ के डायरेक्टर जनरल प्रवीण कुमार के हाथों प्रदान किया गया. डॉ शैल बाला सोरेंग टेटे की इस उपलब्धि से सिमडेगा समेत पूरे झारखंड में हर्ष का माहौल है. उनकी सफलता को जिले के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है. बता दें कि डॉ शैल बाला सोरेंग सिमडेगा निवासी स्वर्गीय संतोष सोरेंग व ग्लोरिया सोरेंग की बेटी हैं. उन्होंने मैट्रिक तक की पढ़ाई उर्सुलाइन कॉन्वेंट स्कूल सामटोली सिमडेगा से की. संत जेवियर कॉलेज रांची में आइएससी की पढ़ाई की. इसके बाद की शिक्षा दिल्ली के लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज से की. उनकी इस उपलब्धि पर ग्लोरिया सोरेंग, वंदना टेटे, शोभा रानी सोरेंग, सरोज टेटे, शशि प्रभा टेटे, जोसेफ बिलुंग, एलिसा टेटे, पूनम कच्छप, चिराग सोरेंग व पार्वती शर्मा इंटर महिला कॉलेज सिमडेगा के प्राचार्य सत्यव्रत ठाकुर आदि ने बधाई दी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >