सिमडेगा. उपायुक्त कंचन सिंह व एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लिया. इस क्रम में उन्होंने स्टेडियम पहुंच कर परेड रिहर्सल का निरीक्षण किया, जिसमें परेड में तालमेल, सुव्यवस्था तथा कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय बनाने के लिए पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये. उपायुक्त ने मुख्य समारोह को लेकर स्टेडियम के समग्र सौंदर्यीकरण, रंग-रोगन, बैरिकेडिंग व साउंड सिस्टम, राष्ट्रगान व आवश्यक साज-सज्जा कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने आम जनता के लिए पर्याप्त व सुव्यवस्थित बैठने की व्यवस्था, पार्किंग सुविधा, वीआईपी अतिथियों के लिए अलग एवं सुरक्षित बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया. कार्यक्रम के दौरान पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था, अतिरिक्त पानी टैंकर की उपलब्धता तथा स्वच्छता बनाये रखने के निर्देश भी दिये. उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने तथा समन्वय के साथ कार्य करने को कहा, ताकि समारोह शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके. मौके पर उपस्थित एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने पुलिस कर्मियों को सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा निर्देश दिये. मौके पर अपर समाहर्ता श्री ज्ञानेंद्र, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात रंजन ज्ञानी, नजारत उप समाहर्ता सह बीडीओ समीर रेनियर खालखो, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पलटू महतो, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल मुकेश कुमार, डीएसपी रणवीर सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैजू उरांव, अंचलाधिकारी सदर मो इम्तियाज समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
