जलडेगा. ओड़गा ओपी क्षेत्र के हुटुबदा नाग टोली में करैत सांप के डसने से चार वर्षीय मासूम अश्विन नाग की मौत हो गयी. परिजनों के अनुसार, अश्विन अपनी मां के साथ जमीन पर सोया था. रविवार अहले सुबह करीब चार बजे करैत ने उसके हाथ में डस लिया. इसके बाद समय पर अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़फूंक शुरू कर दी गयी. झाड़फूंक के दौरान ही सुबह करीब नौ बजे मासूम की मौत हो गयी.
अश्विन नाग आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ता था. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. बच्चे की मौत के बाद गांव के लोग शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने के पक्ष में नहीं थे. इसी बीच राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय हुटुबदा के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार एवं अन्य लोगों ने पोस्टमार्टम की आवश्यकता और कानूनी प्रक्रिया के बारे में समझाया. काफी समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण शव को जलडेगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाने के लिए तैयार हुए. यहां आवश्यक प्रक्रिया के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा भेजा गया.
