दलितों व आदिवासियों को सुविधाओं से वंचित करने की हो रही साजिश : विधायक

मनरेगा बचाओ, पेसा कानून नियमावली व एसआइआर पर प्रशिक्षण शिविर लगा

सिमडेगा. जलडेगा में कांग्रेस ने मनरेगा बचाओ महासंग्राम, पेसा कानून नियमावली व एसआइआर पर प्रशिक्षण शिविर लगाया गया. मुख्य अतिथि के रूप में विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी व विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला उपाध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद शमी आलम, मास्टर ट्रेनर डाॅक्टर मोहम्मद इम्तियाज, नगर प्रतिनिधि मोहम्मद शकील अहमद उपस्थित थे. कार्यक्रम में उपस्थित बीएलए को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि आज देश में दलित, आदिवासियों, शोषितों, वंचितों, पिछड़ों को हर प्रकार की सुविधाओं से वंचित करने की साजिश की जा रही है, जिसका जीता जागता उदाहरण मनरेगा है, जिसे कांग्रेस पार्टी की सरकार ने देश में लागू किया था, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को उत्थान किया जा सके. मनरेगा कोई योजना नहीं था, बल्कि एक महात्मा गांधी रोजगार गारंटी अधिनियम था, जिसमें स्पष्ट था कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को 100 दिन का रोजगार मुहैया कराया जायेगा. उक्त व्यक्ति सरकार के अधिकृत संस्था से रोजगार मांगता है और नहीं मिलने पर मुआवजा का प्रावधान किया गया था. किंतु केंद्र में बैठी भाजपा गठबंधन की सरकार ने मनरेगा अधिनियम को समाप्त कर दिया और वीबी जी राम जी मिशन लागू कर दिया, जो अधिनियम है ही नहीं. महात्मा गांधी के नाम को समाप्त करने और वीबी जी राम जी के नाम को लाने का काम किया. विधायक ने कहा कि झारखंड की सरकार ने अनुसूची पांच में आने वाले जिलों में पेसा कानून व्यवस्था लागू की है. पेसा कानून के तहत अब पांचवीं अनुसूची में पड़ने वाले क्षेत्रों पर ग्रामसभा का पूर्ण रूप से अधिकार होगा. जल, जंगल, जमीन का संरक्षण, ग्रामसभा क्षेत्र में पड़ने वाले गांव का विकास, फैसले का अधिकार ग्राम सभा को प्राप्त होगा. ग्राम सभा का मुखिया आदिवासी ही होगा. यह सारी सुविधाएं झारखंड सरकार ने हम आदिवासियों को देने का कार्य किया है. उन्होंने कहा कि एसआइआर उसी का रूप है कि कैसे इन सभी वर्गों को वोट के अधिकार से वंचित करें और सभी अधिकार को छीन लिया जाये. इसलिए हमें आपको सजग होकर इसका मुकाबला करना होगा. मास्टर ट्रेनर डाॅक्टर मोहम्मद इम्तियाज ने एसआइआर पर जानकारी दी. कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि कृष्णा नाग, मंडल अध्यक्ष सुनील सुरीन, अनिल डांग, अमर तोपनो, रहीम खान, शांतिएल बागे, अनमोल तोपनो, गेब्रियल राजेश भंजर, दिव्या लुगून, ओमप्रकाश, मोहम्मद मुख्तार खान आदि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >