सिमडेगा : मुआवजा की राशि हड़पने, धोखाधड़ी करने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करने के मामले में सिमडेगा थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस के अनुसार, सिमडेगा थाना कांड संख्या 40/2025, दिनांक 14 अप्रैल 2025 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 406, 420, 504, 506 तथा एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया था. यह मामला अलसंगा महकुडेरा निवासी प्रकाश केरकेट्टा के लिखित आवेदन के आधार पर दर्ज हुआ था.
आरोप है कि बोलबा थाना क्षेत्र के बोलबा निवासी मनोज भगत ने वादी की ₹6.50 लाख की मुआवजा राशि हड़प ली. राशि वापस मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया. मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी मनोज भगत (करीब 40 वर्ष), पिता स्व. मनोहर भगत, निवासी बोलबा, थाना बोलबा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें जलडेगा थाना कांड संख्या 24/2025, कोलेबिरा थाना कांड संख्या 44/2019 तथा बरसिया थाना कांड संख्या 01/2026 शामिल हैं.
